देश

Kanpur Hair Transplant Case: दांतों की डॉक्टर ने किए थे हेयर ट्रांसप्लांट, दो इंजीनियरों की मौत; एक और नया खुलासा (Watch Video)

यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है. शहर के कल्याणपुर इलाके में एक क्लीनिक चलाने वाली डॉक्टर अनुष्का तिवारी ने हेयर ट्रांसप्लांट के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया.

Kanpur Hair Transplant Case: दांतों की डॉक्टर ने किए थे हेयर ट्रांसप्लांट, दो इंजीनियरों की मौत; एक और नया खुलासा (Watch Video)

Kanpur Hair Transplant Case: यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है. शहर के कल्याणपुर इलाके में एक क्लीनिक चलाने वाली डॉक्टर अनुष्का तिवारी ने हेयर ट्रांसप्लांट के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया. अब तक दो इंजीनियरों की मौत हो चुकी है और कई मरीज गंभीर हालात में हैं. सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि डॉक्टर अनुष्का सिर्फ बीडीएस (डेंटल) डिग्रीधारी हैं, यानी उनकी पढ़ाई दांतों के इलाज से जुड़ी हुई है. लेकिन उन्होंने बिना किसी मान्यता और मेडिकल ट्रेनिंग के सिर की सर्जरी यानी हेयर ट्रांसप्लांट किया.

जानकारी के मुताबिक, पनकी पावर हाउस में तैनात इंजीनियर विनीत दुबे और फर्रुखाबाद के इंजीनियर मयंक कटियार ने अनुष्का की क्लीनिक में 40 हजार रुपये में हेयर ट्रांसप्लांट करवाया था.

ये भी पढें: गोरखपुर चिड़ियाघर के शेर ‘पटौदी’ की कानपुर में मौत

दांतों की डॉक्टर ने किए थे हेयर ट्रांसप्लांट

हेयर ट्रांसप्लांट के बाद 2 इंजीनियरों की मौत

इलाज के कुछ दिनों बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और आखिरकार उनकी मौत हो गई. विनीत की पत्नी जया ने डॉक्टर अनुष्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. उनका कहना है कि डॉक्टर ने सर्जरी से पहले ही पति से नकद पैसा वसूल लिया और इलाज के नाम पर केवल धोखा मिला.

दूसरी तरफ मयंक के परिवार ने बताया कि डॉक्टर ने इलाज के दौरान 5 घंटे तक सर्जरी की और काफी गंभीर हालत में मयंक को घर भेजा. कुछ ही दिनों में संक्रमण इतना फैल गया कि जान चली गई.

डॉक्टर अनुष्का के पास सिर्फ BSD की डिग्री

अब यह मामला तूल पकड़ चुका है. डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का के पास सिर्फ बीडीएस की डिग्री है और वो भी फरीदाबाद के एक कॉलेज से. इस डिग्री से हेयर ट्रांसप्लांट करना पूरी तरह अवैध है. गुरुवार को कन्नौज और उन्नाव के दो और युवकों ने डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दी है. एक युवक जीत कुमार ने बताया कि अक्तूबर 2024 में उसने इलाज कराया था, जिसके बाद उसके चेहरे पर संक्रमण और सूजन हो गई.

उन्नाव के राजेंद्र पाठक ने बताया कि वह अपने दोस्त विक्रम के साथ अगस्त 2024 में क्लीनिक गए थे. विक्रम का हेयर ट्रांसप्लांट कराया गया, लेकिन 15 दिन बाद उसके सिर और चेहरे पर संक्रमण फैल गया. आज विक्रम बिस्तर पर पड़ा है और सामान्य जिंदगी से कोसों दूर है.

कई टीमों के साथ छापेमारी कर रही पुलिस

पुलिस डॉक्टर अनुष्का की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों के साथ छापेमारी कर रही है. क्लीनिक बंद है और घर पर भी ताला लगा है.

यह मामला मेडिकल सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा करता है कि आखिर बिना योग्यता के कैसे कोई डॉक्टर इस तरह की जानलेवा सर्जरी कर सकता है?

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2025 11:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).