Kannauj School Video: यूपी के कन्नौज में सरकारी स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका का रोमांस करते पकड़े गए, पत्नी ने हिडन कैमरा लगाकर खोली पोल, दोनों निलंबित
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. सौरिख ब्लॉक के बझेड़ी स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षक और शिक्षिका को क्लास के भीतर अमर्यादित आचरण करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. शिक्षक की पत्नी ने ही स्कूल में हिडन कैमरा लगवाकर इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था.
Kannauj School Video: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. जिले के सौरिख ब्लॉक के ग्राम बझेड़ी स्थित एक सरकारी कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षक और सहायक शिक्षिका को स्कूल परिसर और क्लास के भीतर अमर्यादित व आपत्तिजनक आचरण करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. यह पूरा मामला तब उजागर हुआ जब शिक्षक की पत्नी ने दोनों की संदिग्ध गतिविधियों को पकड़ने के लिए क्लास में एक हिडन (छुपा हुआ) कैमरा लगवा दिया. इस कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की है.
पत्नी ने हिडन कैमरा लगाकर पकड़ी करतूत
रिपोर्ट के मुताबिक, उमरीपुर (हसेरन) निवासी सहायक अध्यापक और मानीकोठी (औरैया) निवासी सहायक शिक्षिका इसी कंपोजिट विद्यालय में तैनात हैं. शिक्षक की पत्नी को अपने पति के आचरण पर लंबे समय से संदेह था. पति की गतिविधियों को उजागर करने के लिए उन्होंने विद्यालय के क्लास रूम में एक छुपा हुआ कैमरा (Spy Device) लगवा दिया. इस डिवाइस के जरिए दोनों की अमर्यादित गतिविधियों के दो अलग-अलग वीडियो रिकॉर्ड हो गए, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गए. वीडियो में दोनों जैकेट पहने नजर आ रहे हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वीडियो सर्दियों के मौसम का है.
स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका का रोमांस
बच्चों पर पड़ रहा था बुरा असर, परिजनों ने किया हंगामा
चूंकि यह एक कंपोजिट विद्यालय है, इसलिए यहां जूनियर स्तर के बड़े छात्र-छात्राएं भी शिक्षा ग्रहण करते हैं. आरोप है कि दोनों शिक्षक अध्यापन कार्य पर ध्यान देने के बजाय इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त रहते थे, जिससे स्कूल के बच्चों के मानस पटल पर बेहद नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को दोनों शिक्षकों के परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर भारी हंगामा किया, हालांकि बदनामी के डर से दोनों आरोपी शिक्षक उस दिन स्कूल नहीं पहुंचे थे. इस कृत्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है.
बीएसए ने जारी किया निलंबन आदेश
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संदीप कुमार ने 13 जुलाई को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सौरिख, विश्वनाथ पाठक को जांच के निर्देश दिए थे. बीईओ की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान सहायक अध्यापक को गुगरापुर और सहायक शिक्षिका को तालग्राम बीआरसी (Block Resource Centre) से संबद्ध किया गया है.
गरिमा के खिलाफ आचरण पर सख्त रुख
बीएसए द्वारा जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि दोनों शिक्षकों द्वारा विद्यालय समय में परिसर और कक्षा-कक्ष के भीतर किया गया कृत्य शिक्षक पद की गरिमा, मर्यादा तथा शासकीय सेवक के अपेक्षित आचरण के सर्वथा प्रतिकूल है. विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के लिए सदर और उमर्दा के खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है और उनसे 15 दिनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट मांगी है.