कल का मौसम, 29 जनवरी 2025: उत्तर भारत में लौटी ठंड, पढ़ें दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा तक कैसा रहेगा वेदर
उत्तर भारत में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है. जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम में हल्की नरमी देखी गई है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी का असर फिर से ठंड बढ़ा सकता है.
Kal Ka Mausam, 29 January 2025: उत्तर भारत में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है. जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम में हल्की नरमी देखी गई है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी का असर फिर से ठंड बढ़ा सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में हल्की धुंध बनी रहेगी. दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. बात करें कल के मौसम (Kal Ka Mausam) की तो 29 जनवरी को दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और उच्च पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.
Delhi Weather: दिल्ली में गिरा पारा, तीन हफ्तों में सबसे कम तापमान, अगले सप्ताह बारिश की संभावना.
दिल्ली NCR में कैसा रहेगा कल मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है. सुबह के समय हल्की धुंध और दिन में तेज धूप का मिलाजुला अनुभव हो रहा है. कल के मौसम की बात करें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के पास रहने का अनुमान है. कल दिल्ली NCR के कई हिस्सों में कोहरा छाए रहने का अनुमान है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 1 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की बारिश की संभावना बन रही है. इसके बाद ठंड में हल्का इजाफा हो सकता है. हालांकि, कड़ाके की सर्दी का दौर अब खत्म हो चुका है और अगले कुछ दिनों में हल्के-फुल्के उतार-चढ़ाव के साथ मौसम सामान्य बना रहेगा.
राजस्थान में शीतलहर का कहर जारी
राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप अभी भी बरकरार है. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है. सीकर, नागौर, करौली और माउंट आबू जैसे इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर साफ देखा जा रहा है. राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
कश्मीर में बर्फबारी से फिर बढ़ेगी ठंड
कश्मीर घाटी में मौसम का मिजाज बेहद सख्त बना हुआ है. दिन के समय हल्की धूप रहती है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कल यानी 29 जनवरी से घाटी में बर्फबारी और बारिश का अनुमान है. इससे तापमान में भारी गिरावट आ सकती है. पहलगाम और गुलमर्ग जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है.
हरियाणा और पंजाब में कल का मौसम
हरियाणा और पंजाब में कोहरे और शीतलहर का असर बना हुआ है. चंडीगढ़, अमृतसर, सिरसा और गुरुग्राम जैसे इलाकों में सुबह और शाम के वक्त घना कोहरा छा रहा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. तेज हवाओं के साथ ठंड बढ़ने के आसार हैं, जो किसानों और यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.
बारिश, बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 1 फरवरी को उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इसके बाद ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने अपने लेटेस्ट अपडेट में कहा कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 3 फरवरी तक और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी स्थानों में 31 जनवरी से 3 फरवरी तक बारिश की संभावना है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2025 08:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

