देश

कल का मौसम, 24 अप्रैल 2025: दिल्ली में अगले तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट, जानें यूपी से लेकर एमपी, राजस्थान तक कैसा रहेगा वेदर

बात करें कल के मौसम की तो 24 अप्रैल को देश उत्तर और मध्य भारत में लू का कहर जारी रहेगा, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश की दस्तक मौसम को राहत देने वाली है. दिल्ली एनसीआर के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है.

कल का मौसम, 24 अप्रैल 2025: दिल्ली में अगले तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट, जानें यूपी से लेकर एमपी, राजस्थान तक कैसा रहेगा वेदर
Representational Image | PTI

Kal Ka Mausam, 24 April 2025: देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है और कई राज्यों में मौसम करवट ले रहा है. देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. कहीं लू की मार है तो कहीं बारिश की फुहारें राहत दे सकती हैं. बात करें कल के मौसम की तो 24 अप्रैल को देश उत्तर और मध्य भारत में लू का कहर जारी रहेगा, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश की दस्तक मौसम को राहत देने वाली है. दिल्ली एनसीआर के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है. यानी अगले तीन दिन लू चलेगी. 24, 25 और 26 अप्रैल को हीटवेव चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है.

Weather Forecast: दिल्ली से लेकर एमपी, राजस्थान तक हीटवेव का अलर्ट,इन राज्यों में बारिश का अनुमान; पढ़ें IMD का अपडेट.

मौसम विभाग (IMD) ने कई अन्य राज्यों में भी अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं कल का देशभर का मौसम कैसा रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी, हीटवेव का अलर्ट

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में कल का दिन बेहद गर्म रहने वाला है. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहेगा. मौसम विभाग ने दोपहर के समय लू चलने की चेतावनी दी है. धूप तीखी होगी और हवा में नमी कम रहने के कारण उमस नहीं होगी, लेकिन गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.

उत्तर प्रदेश का मौसम

यूपी के कई जिलों में पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है. खासकर लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों में लू की स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, कुछ पूर्वी जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दिन के समय बाहर न निकलने की सलाह दी है.

बिहार में गर्मी के बीच बारिश की उम्मीद

बिहार में मौसम दो रंग दिखा सकता है. पटना, गया और भागलपुर में तापमान 38 से 40 डिग्री तक रहेगा. लेकिन पश्चिमी चंपारण, अररिया और किशनगंज जैसे इलाकों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है. इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी शामिल है.

राजस्थान में आग उगल रहा सूरज

राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर जैसे शहरों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. जयपुर और कोटा में भी मौसम बेहद गर्म रहेगा. प्रदेश के कई हिस्सों में लू और गर्म रातों की चेतावनी दी गई है. कुछ पूर्वी हिस्सों में बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है.

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी

एमपी के भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 40-44 डिग्री तक जा सकता है. खासकर राज्य के पूर्वी हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है. हालांकि, छत्तीसगढ़ से सटे कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. आईएमडी ने यहां 25 अप्रैल तक उष्ण लहर की चेतावनी जारी की है.

पहाड़ों का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में मौसम सुहावना रहेगा. श्रीनगर, गुलमर्ग और शिमला जैसे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. तापमान 5 से 15 डिग्री के बीच रहेगा. तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है.

पंजाब-हरियाणा में लू के थपेड़ों से राहत नहीं

पंजाब और हरियाणा में गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा. चंडीगढ़, अमृतसर, हिसार और भिवानी जैसे शहरों में तापमान 42 डिग्री तक जा सकता है. कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी चलने की आशंका है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है.

पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलधार बारिश की चेतावनी

असम, मेघालय, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. गुवाहाटी, शिलांग और ईटानगर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच रहेगा. बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.

केरल और कर्नाटक में बारिश

दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. तटीय इलाकों में मौसम खुशनुमा रहेगा. वहीं, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में उमस भरी गर्मी बनी रहेगी. बेंगलुरु में हल्की बारिश से मौसम सुहावना रहने की संभावना है.

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में हल्की बारिश की संभावना

कोलकाता में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. ओडिशा के तटीय जिलों और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है. रांची और जमशेदपुर में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहेगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2025 09:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).