देश

Jharkhand: मोमबत्ती लेकर दुकान में चोरी करने घुसे चोर, आग लगने से एक की मौत

झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ में एक दुकान में चोरी करने घुसे तीन चोर आग की लपटों में घिर गए. इनमें से एक की दुकान के भीतर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह झुलस गए. घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.

Jharkhand: मोमबत्ती लेकर दुकान में चोरी करने घुसे चोर, आग लगने से एक की मौत
(Photo : X)

रांची, 25 मई : झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ में एक दुकान में चोरी करने घुसे तीन चोर आग की लपटों में घिर गए. इनमें से एक की दुकान के भीतर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह झुलस गए. घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. बालूमाथ थाना क्षेत्र के पकरी गांव में जनरल स्टोर में तीन लोग चोरी के इरादे से घुसे थे. उनमें से एक हाथ में मोमबत्ती लेकर कैश काउंटर खंगाल रहा था. इसी दौरान मोमबत्ती हाथ से छुटकर नीचे गिर गई.

इस दौरान दुकान में रखे पेट्रोल के गैलन के संपर्क में आने से अचानक आग धधक उठी. दुकान में फंसे चोरों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग दौड़े. इनमें से दो को बाहर निकाल लिया गया, जबकि आग की लपटों में घिरे एक चोर की दुकान के अंदर ही मौत हो गई. यह भी पढ़ें : Andhra Pradesh Rape Case: आंध्र प्रदेश में लड़की के साथ बलात्कार का वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने के आरोप में चार गिरफ्तार

मृतक की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के निवासी अमित तुरी के रूप में हुई है. घायल चोरों के नाम सागर तुरी और सत्यम भुइयां हैं. घटना की सूचना पाकर पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इनमें से एक सागर तुरी 80 फीसदी से ज्यादा झुलस गया है.

पुलिस ने सत्यम भुइयां का बयान दर्ज किया है. वह लातेहार जिले के मुरुप गांव का रहने वाला है. उसने कहा है कि वह पकरी गांव में अपने रिश्तेदार के घर आया था. अमित और सागर तुरी उसके बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर आए थे. दुकान मालिक बालकेश्वर साहु ने पुलिस को बताया है कि आग से दुकान में हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. बालूमाथ के डीएसपी आशुतोष सत्यम ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2024 09:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).