देश

Jharkhand Election Phase 2 Voting: झारखंड में 11 बजे तक 31.37 फीसदी वोट, मधुपुर में पार्टी के पक्ष में वोट दिला रहा पोलिंग अफसर हटाया गया

झारखंड में विधानसभा के लिए दूसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान जारी है. दिन में 11 बजे तक 31.37 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है. इस वक्त तक सबसे ज्यादा संथाल परगना की महेशपुर सीट पर 38.35 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले हैं.

Jharkhand Election Phase 2 Voting: झारखंड में 11 बजे तक 31.37 फीसदी वोट, मधुपुर में पार्टी के पक्ष में वोट दिला रहा पोलिंग अफसर हटाया गया

रांची, 20 नवंबर : झारखंड में विधानसभा के लिए दूसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान जारी है. दिन में 11 बजे तक 31.37 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है. इस वक्त तक सबसे ज्यादा संथाल परगना की महेशपुर सीट पर 38.35 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले हैं. 11 बजे तक सर्वाधिक मतदान वाली सीटों में रांची जिले की सिल्ली (37.60), देवघर जिले की सारठ (36.86) और लिट्टीपाड़ा (34.71) शामिल हैं. सबसे कम मतदान धनबाद शहरी सीट पर है, जहां 11 बजे तक मात्र 21.65 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले हैं.

इसी बीच देवघर जिले की मधुपुर विधानसभा सीट के बूथ नंबर 111 पर मतदान ड्यूटी पर तैनात एक पोलिंग ऑफिसर को पार्टी विशेष के पक्ष में लोगों से मतदान कराने के आरोप में हटा दिया गया है. गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया कि मतदान पदाधिकारी को झामुमो के पक्ष में मतदान कराने के कारण गिरफ्तार किया गया है. यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 11 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान

इस चरण में 12 जिलों की 38 सीटों पर कुल मिलाकर 14 हजार 219 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं. इनमें 31 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां शाम चार बजे तक ही मतदान होगा. अन्य सीटों पर शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे. मतदान केंद्रों और पोलिंग पार्टियों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 585 कंपनी, जैप (झारखंड आर्म्ड फोर्स) की 60 कंपनी के अलावा जिला बल और होमगार्ड के 30 हजार जवानों को तैनात किया गया है.

इस चरण में कुल 528 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनकी किस्मत तय करने की जिम्मेदारी कुल 1 करोड़ 23 लाख 58 हजार 195 मतदाताओं पर है. जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें संथाल परगना प्रमंडल और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की 18-18 और दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की दो सीटें शामिल हैं. आठ सीटें अनुसूचित जनजाति और तीन अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं, जबकि सामान्य सीटों की संख्या 27 है. इस चरण में क्षेत्रफल की दृष्टि से हजारीबाग जिले का मांडू विधानसभा क्षेत्र सबसे बड़ा और धनबाद जिले का झरिया विधानसभा क्षेत्र सबसे छोटा है. सबसे अधिक पांच लाख 82 हजार 101 वोटर बोकारो विधानसभा सीट पर हैं, जबकि सबसे कम 2 लाख 17 हजार 388 वोटर संथाल परगना की लिट्टीपाड़ा सीट पर हैं.

इस चरण के प्रमुख प्रत्याशियों में बरहेट सीट से झामुमो प्रत्याशी के तौर पर सीएम हेमंत सोरेन, राजधनवार सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पहले सीएम बाबूलाल मरांडी, गांडेय सीट से झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन, नाला सीट पर झामुमो प्रत्याशी के रूप में विधानसभा के स्पीकर रवींद्रनाथ महतो, चंदनकियारी सीट पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, महगामा सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, जामताड़ा में कांग्रेस कोटे के मंत्री इरफान अंसारी, मधुपुर में झामुमो कोटे के मंत्री हफीजुल हसन, डुमरी सीट पर झामुमो प्रत्याशी के रूप में मंत्री बेबी देवी, सिल्ली सीट पर आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और दुमका सीट पर सीएम हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन शामिल हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2024 12:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).