छत्तीसगढ़: जवान ने गोली मारकर की खुदखुशी
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) के एक जवान ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार को कथित तौर पर खुदकुशी कर ली. अर्धसैनिक बल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
रायपुर: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) के एक जवान ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार को कथित तौर पर खुदकुशी कर ली. अर्धसैनिक बल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. यहां पदस्थ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश की राजधानी से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित बिंद्रानवागढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित कैंप में बल की 65वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल करन सिंह ने देर रात करीब एक बजे अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली.
उन्होंने कहा कि जवान के साथियों ने जब उसकी बैरक से गोली चलने की आवाज सुनी तो वे वहां गए जहां वह खून से लथपथ पड़ा था. उसे फौरन एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
सिंह मूल रूप से हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सैदपुर गांव का रहने वाला था. अधिकारियों ने कहा कि वह 16 अगस्त से छुट्टी पर था और छह सितंबर को ही वह इस नक्सल प्रभावित जिले में ड्यूटी पर लौटा था.
उन्होंने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, जवान ने यह कदम पारिवारिक वजहों से उठाया है. अधिकारी ने कहा, हालांकि वास्तविक वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा. इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है. उसके परिवार के सदस्यों को इस घटना के बारे में जानकारी दी गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 09, 2018 03:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

