J&K: घुसपैठ की आशंका के बीच सांबा के SSP ने गश्त तेज करने का दिया आदेश
जम्मू कश्मीर के सांबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के तहत घुसपैठ की आशंका वाले मार्गों पर गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर रात्रि चौकियों की स्थापना करने का सोमवार को आदेश दिया.
जम्मू, 18 जून: जम्मू कश्मीर में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षाबल अलर्ट पर हैं और चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं. इसके साथ ही पुलिस और सेना ने लोगों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा है. इस बीच जम्मू कश्मीर के सांबा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के तहत घुसपैठ की आशंका वाले मार्गों पर गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर रात्रि चौकियों की स्थापना करने का सोमवार को आदेश दिया.
यह निर्देश चार आतंकवादी हमलों के बाद बढ़ते खतरे की आशंका के बीच 29 जून को शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले जारी किया गया है. रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में हुए इन हमलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान सहित 10 लोग मारे गए और 50 घायल हो गए. सुरक्षा बलों की कार्रवाई में दो आतंकवादी भी मारे गए. अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (सांबा) विनय कुमार ने अमरनाथ यात्रा की तैयारी पर संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की.
उन्होंने तीर्थयात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन कर कहा कि सतर्कता, सामूहिक कार्यों और समय पर ही खुफिया जानकारी साझा करने की आवश्यकता के मद्देनजर सभी अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार राष्ट्र विरोधी तत्वों और उनके सहयोगियों के दुर्भावनापूर्ण इरादों को विफल करने का काम सौंपा गया है.
कुमार ने सभी अधिकारियों से अमरनाथ यात्रा के दौरान कड़ी निगरानी और समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया तथा राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्वों की साजिशों का मुकाबला करने के लिए परस्पर सहयोग के महत्व पर बल दिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2024 11:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

