देश

जम्मू-कश्मीर: बडगाम में सेना के जवान का अपहरण, संदिग्ध आतंकियों पर अगवा करने का शक

शुक्रवार की देर शाम बड़गाम जिले के चादोर क्षेत्र से काजीपोरा गांव से सेना के एक जवान का अपहरण किया गया है. उसके अपहरण के पीछ संदिग्ध आतंकियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है.

जम्मू-कश्मीर: बडगाम में सेना के जवान का अपहरण, संदिग्ध आतंकियों पर अगवा करने का शक
भारतीय सेना (Image Used for Representational Purpose/Photo Credits: IANS)

जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के बडगाम (Budgam) जिले से सेना के एक जवान के अपहरण की खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर शाम बड़गाम जिले के चादोर क्षेत्र से काजीपोरा (Qazipora) गांव से सेना के एक जवान (Jawan Kidnapped) का अपहरण किया गया है. उसके अपहरण के पीछे संदिग्ध आतंकियों (Terrorists) का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. अगवा किए गए सेना के जवान का नाम मोहम्मद यासीन (Mohammad Yaseen) बताया जा रहा है जो छुट्टी पर घर आया था. जवान मोहम्मद यासीन 26 फरवरी से 31 मार्च तक छुट्टी पर थे.

जानकारी के अनुसार, अपहरण की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम घटनास्थल स्थल पर पहुंची और इस क्षेत्र की घेराबंदी कर ली. इसके साथ ही पुलिस की इस संयुक्त टीम ने काजीपोरा, चादोरा (Qazipora Chadoora)और पड़ोसी पुलवामा (Pulwama) जिले में तलाशी अभियान शुरु कर दिया है.

संदिग्ध आतंवादियों द्वारा जवान को अगवा किए जाने की इस घटना को लेकर जवान के परिवार वालों का कहना है कि जवान का अपहरण कर कुछ लोग उसे जंगल क्षेत्र की ओर से ले जा रहे थे जो उनके घर से कुछ ही किलोमीटर दूर है. यह भी पढ़ें: जम्मू बस स्टैंड पर हमले का आरोपी निकला 9वीं क्लास का छात्र, लंच बॉक्स में छिपा कर लाया था ग्रेनेड

गौरतलब है कि जवान के अपहरण किए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी घाटी में जवानों के अपहरण और उनकी हत्याओं की वारदातें सामने आ चुकी हैं. बता दें कि पिछले साल ही शोपियां जिले में आतंकवादियों ने औरंगजेब नाम के 44 राष्ट्रीय राइफल्स के एक जवान को अगवा कर लिया था और पुलवामा में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी. इससे पहले साल 2017 में सेना के लेफ्टिनेंट उमर फैयाज को आतंकियों ने किडनैप कर लिया था और उनकी हत्या कर दी थी.

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले और भारतीय वायुसेना द्वारा आतंकियों के खिलाफ एयर स्ट्राइक किए जाने के बाद से ही आतंकी बौखलाए हुए हैं. बता दें कि कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ ऑल आउट ऑपरेशन चलाया गया है और इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना घाटी में आतंकियों का सफाया करने में जुटी हुई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2019 11:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).