जबलपुर में अजीबोगरीब मामला, तालाब किनारे चरने गईं 4 भैंसें रहस्यमय तरीके से गायब, शिकायत के बाद तलाश में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहला से मवेशी चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. गांव के तालाब के पास चरने गई चार भैंसें संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गईं.

(Photo Credits Pexels)

भोपाल: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहला से मवेशी चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. गांव के तालाब के पास चरने गई चार भैंसें संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गईं. पशुपालकों की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मवेशियों की तलाश शुरू कर दी है.

सुबह चरने के लिए छोड़े गए थे मवेशी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम मोहला निवासी 57 वर्षीय श्यामलाल पटेल 6 अगस्त की सुबह लगभग 8 बजे अपनी दो भैंसों को गांव के तालाखेड़ा तालाब के पास चरने के लिए छोड़कर आए थे. उसी स्थान पर गांव के ही अन्य पशुपालक बृजेश पटेल और आदर्श पटेल ने भी अपनी-अपनी एक-एक भैंस चरने के लिए छोड़ी थी.  यह भी पढ़े: अजीबोगरीब केस: कंपनी ने 20 साल तक बिना काम के दी सैलरी! इसलिए वेतन लेने वाली महिला ने ठोका मुकदमा

तालाब के आसपास कुल चार मवेशी चर रहे थे. शाम तक जब चारों भैंसें अपने-अपने घर वापस नहीं लौटीं, तो पशुपालकों ने उनकी खोजबीन शुरू की.

जंगलों और रास्तों में तलाश के बाद पुलिस से संपर्क

स्थानीय ग्रामीणों और मवेशी मालिकों ने आसपास के खेतों, कच्चे रास्तों और नजदीकी इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन भैंसों का कोई सुराग नहीं मिला. मवेशियों का पता न चलने पर ग्रामीणों को आशंका हुई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें हांक कर चुरा ले गया है.

इसके बाद पीड़ित श्यामलाल पटेल ने सिहोरा पुलिस थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया. शिकायत में गायब हुई चारों भैंसों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई गई है.

भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज

सिहोरा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के रास्तों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी गए मवेशियों को जल्द बरामद किया जा सके.

Share Now