Israel-Iran War: इजरायल और ईरान के बढ़ते तनाव के बीच भारत ने नागरिकों के लिए जारी किया एडवायजरी, सतर्क रहने की सलाह
इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हालिया हवाई हमलों के बाद मध्य पूर्व में सुरक्षा स्थिति तेजी से बिगड़ी है. इसे देखते हुए भारत सरकार ने शनिवार को इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवायजरी जारी की है
Israel-Iran War: इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हालिया हवाई हमलों के बाद मध्य पूर्व में सुरक्षा स्थिति तेजी से बिगड़ी है. इसे देखते हुए भारत सरकार ने शनिवार को इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवायजरी जारी की है. भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने और स्थानीय सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है.
दूतावास ने जारी किए कड़े निर्देश
क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि नागरिक हर समय सतर्क रहें. दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिक स्थानीय अधिकारियों और 'होम फ्रंट कमांड' द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें. यह भी पढ़े: Israel-Iran War Update: ‘खामेनेई का अंजाम सद्दाम जैसा हो सकता है’: इजरायली रक्षा मंत्री ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी
नागरिकों के लिए जारी किया एडवायजरी
नागरिकों को सलाह
दूतावास ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुरक्षित क्षेत्रों (Safe Zones) के करीब रहें और अपने निवास या कार्यस्थल के पास स्थित बम शेल्टरों और संरक्षित स्थानों की जानकारी पहले से रखें.
अनावश्यक यात्रा पर रोक
बिगड़ते हालातों को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों से इजरायल के भीतर सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने का आग्रह किया है. एडवायजरी में कहा गया है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक अनावश्यक आवाजाही न करें. साथ ही, नागरिकों को स्थानीय समाचारों, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर नजर रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया है.
दूतावास ने आपात स्थिति के लिए 24x7 हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके.
सैन्य टकराव और क्षेत्रीय स्थिति
यह एडवायजरी उस समय आई है जब शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान शक्तिशाली विस्फोटों से दहल गई. इजरायल ने इन हमलों को ईरान के खिलाफ 'निवारक' (Preventive) मिसाइल स्ट्राइक बताया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान के जम्हूरी जिले और यूनिवर्सिटी स्ट्रीट जैसे प्रमुख इलाकों में मिसाइलें गिरी हैं.
मध्य तेहरान के पाश्चर स्ट्रीट के पास से धुएं के गुबार देखे गए हैं, जहां कई महत्वपूर्ण सरकारी इमारतें स्थित हैं. इस हमले के बाद एहतियात के तौर पर इजरायल और ईरान दोनों ने अपना हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद कर दिया है.
तनाव बढ़ने का मुख्य कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, यह सैन्य कार्रवाई अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर लंबे समय से चल रही तनातनी का परिणाम है. इस ताजा हमले ने मध्य पूर्व में एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध की आशंका को बढ़ा दिया है. फिलहाल हमलों में हुए नुकसान या हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. भारतीय विदेश मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.