IndiGo Travel Advisory: ईरान के हवाई क्षेत्र में तनाव के बीच इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी, उड़ानों पर पड़ सकता है असर
इंडिगो एयरलाइंस ने ईरान और उसके हवाई क्षेत्र (Airspace) में बढ़ते तनाव को देखते हुए एक नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइन ने यात्रियों को उड़ान की स्थिति जांचने और सुरक्षा संबंधी अपडेट्स पर नजर रखने की सलाह दी
IndiGo Travel Advisory: भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) ने ईरान और उसके आसपास के हवाई क्षेत्र में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए अपने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण 'ट्रैवल एडवाइजरी' जारी की है. एयरलाइन ने कहा है कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उड़ानों के संचालन में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं.
सुरक्षा सबसे ऊपर: इंडिगो का बयान
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके ग्राहकों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. एयरलाइन की टीमें स्थिति के अनुसार ऑपरेशनल एडजेस्टमेंट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ईरान के हवाई क्षेत्र में पैदा हुई अस्थिरता को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है. यह भी पढ़े: Iran–Israel Conflict: ईरान-इजरायल संघर्ष के बाद पहली बार नजर आए अयातुल्ला अली खामेनेई
इंडिगो का पोस्ट
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति (Flight Status) जरूर जांच लें. इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि यदि उड़ानों के शेड्यूल में कोई भी बदलाव या प्रभाव पड़ता है, तो इसकी जानकारी यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल के माध्यम से तुरंत दी जाएगी.
क्या है मौजूदा स्थिति?
मध्य पूर्व (Middle East) में हालिया सैन्य गतिविधियों और इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र का हवाई क्षेत्र प्रभावित हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपने रूट बदल दिए हैं. इससे पहले भी इंडिगो ने मध्य एशिया के कुछ शहरों जैसे तिब्लिसी, अल्माटी, बाकू और ताशकंद की उड़ानों को प्रभावित होने की बात कही थी.
एयरलाइन का समर्थन
इंडिगो ने कहा है कि वे इस अनिश्चितता के समय में अपने यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए ताजा अपडेट्स लेते रहें.