Ram Mandir Inauguration: सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, मनमोहन सिंह समेत विपक्ष के इन नेताओं को मिला अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में विपक्ष के कई नेताओं को आमंत्रित किया गया है.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह में विपक्ष के कई नेताओं को आमंत्रित किया गया है. विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने अगले महीने उद्घाटन के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी और जद (एस) सुप्रीमो देवेगौड़ा को निमंत्रण भेजा गया है. Ayodhya Ram Temple: लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को मिला राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्योता, देखें तस्वीरें.
सूत्रों ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उन्हें निमंत्रण भेजा है लेकिन कांग्रेस के इन वरिष्ठ नेताओं के समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है. उन्होंने बताया कि खरगे, गांधी और चौधरी को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजा गया है तथा पूर्व प्रधानमंत्रियों मनमोहन सिंह और एच डी देवेगौड़ा को भी समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है.
सूत्रों ने बताया कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ये निमंत्रण दिए और आगामी दिनों में अन्य विपक्षी नेताओं को भी निमंत्रण भेजे जाने की संभावना है. ट्रस्ट ने बताया कि विभिन्न परंपराओं के श्रद्धेय संतों के अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में देश का सम्मान बढ़ाने वाले सभी प्रमुख व्यक्तियों को निमंत्रण दिया गया है.
ट्रस्ट ने कहा है कि नए तीर्थक्षेत्र पुरम (बाग बिजैसी) में एक ‘टेंट सिटी’ स्थापित की गई है जिसमें छह ट्यूबवेल, छह रसोई घर और 10 बिस्तरों वाला एक अस्पताल बनाया गया है. देश भर से लगभग 150 चिकित्सक इस अस्पताल में बारी-बारी से अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए सहमत हुए हैं. ट्रस्ट ने कहा है कि समारोह में भाग लेने के लिए विभिन्न संप्रदायों के लगभग 4,000 संतों को आमंत्रित किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 21, 2023 08:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

