पाकिस्तान फिर भारत के खिलाफ रच रहा है नापाक साजिश, एयर स्ट्राइक से बर्बाद हुए बालाकोट में 27 आतंकियों को दे रहा है ट्रेनिंग
बीते साल भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था लेकिन यह आतंकी संगठन एक बार फिर से सक्रिय हो गया है. इतना ही नहीं, जैश-ए-मोहम्मद के इस आतंकी कैंप में भारत में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए 27 आतंकवादियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है.
फरवरी 2019 में पाकिस्तान के जिस बालाकोट (Balakot) में भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) ने एयर स्ट्राइक (Air Strike) की थी वहां पर अब फिर से आतंकियों को ट्रेनिंग दी जा रही है. बीते साल भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था लेकिन यह आतंकी संगठन एक बार फिर से सक्रिय हो गया है. इतना ही नहीं, जैश-ए-मोहम्मद के इस आतंकी कैंप में भारत में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए 27 आतंकवादियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है. हिंदुस्तान टाइम्स ने यह जानकारी इंटेलीजेंस और काउंटर टेरर ऑपरेटिव्स के हवाले से दी.
इंटेलीजेंस रिपोर्ट (Intelligence Report) के हवाले से हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट कहा बालाकोट में जैश के 27 आतंकियों को यहां पर भारत पर हमले के लिए ट्रेनिंग दी जा रही. भारतीय वायुसेना ने बालकोट के आतंकी ठिकानों को पुलवामा हमले के बाद निशाना बनाया था. बीते साल 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ जवाबी कार्रवाई में यह कदम उठाया गया था.
यूसुफ अजहर चला रहा है आतंकी कैंप
एयर स्ट्राइक में बालाकोट के आतंकी ठिकानों को भारतीय वायुसेना ने ध्वस्त किया था. ऑपरेटिव्स के मुताबिक, पाकिस्तान के बालाकोट में जिस वक्त भारत ने एयर स्ट्राक किया था, उस वक्त इस कैंप में करीब 300 आतंकी ट्रेनिंग ले रहे थे. अब जैश के इस बालाकोट कैंप को आतंकी मौलाना मसूद अजहर का एक संबधी यूसुफ अजहर चला रहा है.
भारत में घुसपैठ के लिए किया जा रहा आतंकियों को तैयार
काउंटर टेरर ऑपरेटिव्स के मुताबिक, बालाकोट में ट्रेनिंग ले रहे इन 27 आतंकियों में से आठ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हैं. इन्हें पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के दो और अफगानिस्तान के तीन प्रशिक्षकों द्वारा ट्रेनिंग दी जा रही है. हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि, नाम जाहिर न होने की शर्त पर ऑपरेटिव्स ने कहा कि खूफिया विभाग ने जानकारी दी है कि इस सप्ताह तक उनकी ट्रेनिंग खत्म हो जाएगी, जिसके बाद ये आतंकवादी भारत में घुसने के लिए तैयार होंगे.
गौरतलब है कि बीते साल 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे. जवाबी कार्रवाई में भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंप पर बमबारी की थी और कैंप को तबाह कर दिया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 07, 2020 10:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

