जरुरी जानकारी

मणिपुर के CM को धमकी देने वाला आतंकी दिल्ली से गिरफ्तार, पूछताछ जारी

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मणिपुर के एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी-पीडब्ल्यूजी) के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है जो कारोबारियों और प्रभावशाली लोगों को कथित रूप से धमका कर उगाही करता था.

मणिपुर के CM को धमकी देने वाला आतंकी दिल्ली से गिरफ्तार, पूछताछ जारी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मणिपुर के एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी-पीडब्ल्यूजी) के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है. जो कारोबारियों और प्रभावशाली लोगों को कथित रूप से धमका कर उगाही करता था. पुलिस ने शनिवार को बताया कि संगठन के स्वयंभू महासचिव मोइरंगथेम राणा प्रताप उर्फ पैखोम्बा को चार सितंबर को बिष्णुपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है.

विशेष प्रकोष्ठ के उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि वह और उसके साथी कारोबारियों और प्रभावशाली लोगों को कथित रूप से धमकी देकर उगाही करते थे. उन्होंने बताया कि इससे पहले 28 अगस्त को दक्षिण दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके से प्रतिबंधित संगठन के शीर्ष कमांडर और स्वयंभू कार्यवाहक अध्यक्ष ओइनम इबोचौबा सिंह उर्फ खोइरंगबा को गिरफ्तार किया था.

पुलिस ने बताया कि पैखोम्बा ने ही खोइरंगबा को दिल्ली जाकर अपना अड्डा बनाने का निर्देश दिया था. ताकि वे यहां से अपनी गतिविधियां चला सकें. आला अफसर ने बताया कि उसके निर्देश पर ही खोइरंगबा ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेंद्र सिंह और कुछ अन्य मंत्रियों को कथित रूप से धमकी दी थी. यादव के मुताबिक, पैखोम्बा की तलाश राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को भी थी जिसने उसपर दो लाख रुपये का ईनाम घोषित किया हुआ है.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2018 03:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).