Indian Tourists Free UAE Visa: अबू धाबी जाने वाले भारतीय पर्यटकों को मिलेगा फ्री यूएई एंट्री वीजा; जानें पात्रता और बुकिंग का तरीका
अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग (DCT Abu Dhabi) ने भारतीय पर्यटकों के लिए मुफ्त यूएई प्रवेश वीजा की घोषणा की है. 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाली इस योजना का लाभ उठाने के लिए क्या शर्तें हैं, जानिए पूरी प्रक्रिया.
अबू धाबी: भारतीय पर्यटकों के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा अब और अधिक किफायती होने जा रही है. अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग (DCT Abu Dhabi) ने एक विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत अबू धाबी में छुट्टी बिताने की बुकिंग करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों को संयुक्त अरब अमीरात का प्रवेश वीजा (Entry Visa) पूरी तरह से मुफ्त दिया जाएगा.
यह योजना 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जाएगी. अपने शुरुआती पायलट चरण के दौरान यह कार्यक्रम कुल 20,000 वीजा का खर्च वहन करेगा. इससे भारतीय यात्रियों को प्रति वीजा लगभग 285 दिरहम (लगभग ₹6,500) की बचत होगी.
योजना का लाभ उठाने के लिए जरूरी शर्तें
मुफ्त यूएई वीजा का लाभ सीधे व्यक्तिगत आवेदन से नहीं मिलेगा. इसके लिए पर्यटकों को तय नियमों के अनुसार बुकिंग करनी होगी:
भारत से प्रस्थान: आवेदक के पास वैध भारतीय पासपोर्ट होना चाहिए और यात्रा की शुरुआत भारत से होनी चाहिए.
होटल स्टे: अबू धाबी के किसी होटल में कम से कम तीन लगातार रातों (3 Consecutive Nights) का स्टे बुक होना अनिवार्य है.
रिटर्न फ्लाइट: बुकिंग में भारत से आने-जाने की राउंड-ट्रिप (Return Flight) टिकट शामिल होनी चाहिए.
अधिकृत ट्रैवल पार्टनर: बुकिंग केवल योजना में भाग ले रही पंजीकृत ट्रैवल एजेंसियों या ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स (OTAs) के माध्यम से ही की जानी चाहिए.
अबू धाबी पर्यटन के लिए भारत प्रमुख बाजार
डीसीटी अबू धाबी के अंतर्राष्ट्रीय परिचालन निदेशक अब्दुल्ला यूसुफ ने कहा कि भारत उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों में से एक है.
उन्होंने बताया कि वीजा की लागत खुद वहन करने से भारतीय पर्यटकों के लिए अबू धाबी को चुनना और आसान हो जाएगा. इससे पर्यटक अबू धाबी की संस्कृति, मनोरंजन और प्राकृतिक आकर्षणों का अनुभव करने के लिए अधिक समय बिता सकेंगे.
ट्रैवल पार्टनर्स के लिए प्रक्रिया
पर्यटन विभाग ने ट्रैवल कंपनियों और एजेंसियों के लिए दो विकल्प उपलब्ध कराए हैं:
ट्रैवल एजेंसियां डीसीटी (DCT) द्वारा नियुक्त 'डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनी' (DMC) के जरिए बुकिंग कर सकती हैं, जहां वीजा शुल्क का भुगतान सीधे पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा.
एजेंसियां अपनी मौजूदा पार्टनर डीएमसी के साथ काम जारी रख सकती हैं और जारी किए गए प्रत्येक पात्र वीजा के लिए 285 दिरहम (AED) के रिफंड का दावा कर सकती हैं.