Good News for Passengers: पुणे-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए खुशखबरी, ट्रेन में कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 16 करने करने की तैयारी

पुणे और नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने इसके डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 16 करने का प्रस्ताव भेजा है.

(Photo Credits Twitter)

Good News for Passengers:  पुणे और नागपुर (अजनी) के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है. इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को मिल रहे शानदार प्रतिसाद को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इसकी क्षमता को दोगुना करने की तैयारी शुरू कर दी है. यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या से निपटने के लिए ट्रेन में कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 16 करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.

क्षमता दोगुनी करने के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा प्रस्ताव

पुणे रेल मंडल ने इस संबंध में एक आधिकारिक प्रस्ताव तैयार कर मध्य रेलवे मुख्यालय और रेलवे बोर्ड को अंतिम मंजूरी के लिए भेज दिया है. रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन में सीटों की संख्या दोगुनी हो जाएगी. क्षमता बढ़ने से इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को आसानी से कंफर्म टिकट मिल सकेगा और वेटिंग लिस्ट का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा.

शुरुआत से ही मिल रहा है 100% से अधिक रिस्पॉन्स

पुणे-नागपुर (अजनी) वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 10 अगस्त 2025 को हुई थी. अपनी शुरुआत के बाद से ही यह ट्रेन लगातार फुल ऑक्युपेसी (100% से अधिक क्षमता) के साथ चल रही है. विशेष रूप से त्योहारों, गर्मियों की छुट्टियों और वीकेंड के दौरान इस ट्रेन में टिकटों की मांग बहुत ज्यादा बढ़ जाती है. इसी भारी मांग को पूरा करने के लिए रेलवे अधिकारियों ने कोच विस्तार की आवश्यकता को जरूरी माना है.

आम यात्रियों और व्यावसायिक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

इस रूट पर केवल पुणे और नागपुर के ही नहीं, बल्कि शेगांव और जलगांव जैसे मध्यवर्ती स्टेशनों के यात्री भी बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं. रेलवे के इस नए कदम से नियमित रूप से यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यावसायिक यात्रियों और मेडिकल इमरजेंसी के लिए सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. अचानक यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को भी त्वरित रूप से सीटें उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ जाएगी.

Share Now