भारत-पाक तनाव के बीच दिल्ली सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां की रद्द, गुरुग्राम में स्कूल बंद
भारत-पाकिस्तान के बीच तेज होते तनाव को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं.
नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच तेज होते तनाव को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं. सरकार के सर्विस विभाग द्वारा गुरुवार शाम को जारी आदेश में कहा गया है कि स्थिति की गंभीरता और संभावित आपात हालात के मद्देनज़र यह फैसला लिया गया है. अब कोई भी अधिकारी तब तक छुट्टी नहीं ले सकेगा जब तक अगला आदेश न आए. यह कदम ऐसे समय में उठाए गए हैं जब भारत-पाकिस्तान सीमा पर मिसाइल, ड्रोन और गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब और राजस्थान तक सीमा क्षेत्र हाई अलर्ट पर है और भारतीय वायु रक्षा प्रणाली लगातार सक्रिय है. इसी स्थिति को देखते हुए राजधानी दिल्ली में भी पूरी तैयारी शुरू कर दी गई है.
Breaking: जम्मू के बाद पाकिस्तान ने जैसलमेर पर किया अटैक, राजस्थान हाई अलर्ट पर; सेना पूरी तरह चौकस.
गुरुग्राम में स्कूल बंद, NCR में सतर्कता
हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. स्थानीय प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए और आपात स्थिति की आशंका में लिया है. साथ ही गुरुग्राम पुलिस और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
दिल्ली में ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल शुरू
दिल्ली के कई हिस्सों में ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल की गई, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपात स्थिति में बिजली बंद होने के बावजूद कामकाज सुचारू रूप से चल सके. स्टेट्समैन हाउस जैसे अहम स्थानों पर अंधेरा किया गया और सभी सरकारी विभागों को तैयारी का निर्देश दिया गया.
राजधानी के सभी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक करें और स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करें. हर जिले में आपात सेवा, अस्पताल, फायर ब्रिगेड और पुलिस बलों को सक्रिय मोड में रखा गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2025 10:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

