देश

India-Pakistan Tension: भारत-पाक तनाव के बीच इंडियन ऑयल ने कहा, देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल मौजूद

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच देश की सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल ने शुक्रवार को कहा कि देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी मौजूद है और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें.

India-Pakistan Tension: भारत-पाक तनाव के बीच इंडियन ऑयल ने कहा, देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल मौजूद
Photo- @IndianOilcl/X

नई दिल्ली, 9 मई : भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच देश की सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल ने शुक्रवार को कहा कि देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी मौजूद है और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में सरकारी तेल विपणन कंपनी ने लिखा, "इंडियन ऑयल आपको यह आश्वस्त करना चाहता है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है. हमारी आपूर्ति श्रृंखलाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और सभी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन और एलपीजी आसानी से उपलब्ध हैं."

पोस्ट में आगे लिखा, "हम आपसे निवेदन करते हैं कि घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी से बचें. शांत रहकर और अनावश्यक भीड़ से बचकर, हम सभी मिलकर आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रख सकते हैं, जिससे सभी के लिए ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी." साथ ही लिखा कि आपका सहयोग हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जवाब देते हुए 7 मई को भारतीय सेना की ओर से आतंकवादियों पर कार्रवाई के लिए किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत-पाकिस्तान में तनाव है. यह भी पढ़ें : IPL 2025 Suspended For One Week: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आईपीएल एक हफ्ते के लिए स्थगित, BCCI का आधिकारिक बयान जारी

इसके जवाब में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने 8 और 9 मई 2025 की मध्यरात्रि पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का उपयोग करके कई हमले किए हैं. पाक सैनिकों ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भी बार-बार संघर्ष विराम उल्लंघन किया है. भारत ने पाकिस्तान द्वारा किए गए सभी ड्रोन व मिसाइल हमलों को प्रभावी ढंग से विफल किया है. भारत ने अपने अटैक में किसी नागरिक या सैन्य ठिकाने पर हमला नहीं किया. बावजूद इसके, पाकिस्तान भारत में सैन्य व नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है. रक्षा सूत्रों के मुताबिक, भारत ने पाकिस्तान के सभी हमलों का जबरदस्त जवाब दिया है, जिसमें पाकिस्तान को काफी नुकसान उठाना पड़ा है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2025 03:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).