Independence Day 2026: यूपी के हर जिले में बनेगी ‘वंदे मातरम वाटिका’, 150 पौधे लगाए जाएंगे; जानें क्या है सरकार का प्लान
‘वंदे मातरम वाटिका’ के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की कोशिश कर रही है. हर जिले में 150 पौधों का रोपण न केवल ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की याद दिलाएगा, बल्कि लोगों को प्रकृति की सुरक्षा के लिए भी प्रेरित करेगा.
Vande Mataram Vatika: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर राज्य के सभी जिलों में ‘वंदे मातरम वाटिका’ विकसित करने का फैसला किया है. इस पहल का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है. इसके लिए वन विभाग को विशेष वन क्षेत्रों को विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई है. New Vande Mataram Protocol: वंदे मातरम के लिए नया प्रोटोकॉल, अब राष्ट्रगान से पहले गाए जाएंगे सभी 6 छंद, गृह मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइंस
भारत इस साल 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा. इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष महत्व है. इसी अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक जिले में ‘वंदे मातरम वाटिका’ तैयार की जाएगी.
हर जिले में लगाए जाएंगे 150 पौधे
सरकार की इस पहल के तहत प्रत्येक जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 150 पौधे लगाए जाएंगे. इन पौधों को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रकृति को समर्पित किया जाएगा.
वंदे मातरम वाटिका को केवल पौधारोपण स्थल के तौर पर नहीं, बल्कि देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले विशेष क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसमें लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी.
छायादार और फलदार पौधों पर रहेगा जोर
वन विभाग की ओर से विकसित की जाने वाली इन वाटिकाओं में छायादार, फलदार और पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे. पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की भागीदारी से सुनिश्चित करने की योजना है. सरकार का मानना है कि स्थानीय लोगों को इस अभियान से जोड़ने से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण लंबे समय तक किया जा सकेगा.
लखनऊ के कुकरेल में खास तैयारी
अवध वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लखनऊ के कुकरेल पिकनिक स्पॉट में मौजूद वंदे मातरम वाटिका का विस्तार किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यहां अशोक चक्र का निर्माण किया गया है. इसके 24 स्पोक्स के बाहरी हिस्से में अशोक के पौधे लगाए जाएंगे. पौधों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र के चारों ओर फेंसिंग भी की जाएगी. इस पौधारोपण कार्यक्रम में सेवानिवृत्त और कार्यरत भारतीय वन सेवा के अधिकारियों के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे.
छात्रों से लेकर NGO तक होंगे शामिल
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) दीपक कुमार ने बताया कि ‘वंदे मातरम वाटिका’ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है. इस विशेष अभियान में बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र, गैर-सरकारी संगठन (NGO), सामाजिक संगठन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, NCC और NSS के सदस्य शामिल होंगे.
इसके अलावा युवा एवं महिला मंगल दल, कार्यरत और सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी तथा विभिन्न सरकारी विभाग भी पौधारोपण अभियान का हिस्सा बनेंगे.
देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
‘वंदे मातरम वाटिका’ के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की कोशिश कर रही है. हर जिले में 150 पौधों का रोपण न केवल ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की याद दिलाएगा, बल्कि लोगों को प्रकृति की सुरक्षा के लिए भी प्रेरित करेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 13, 2026 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

