Uttarakhand Election Results 2022: रुझानों में BJP 44 सीटों पर आगे, CM पुष्कर धामी और हरीश रावत पिछड़े
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन चंद्र कापडी से 954 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 8616 मतों से पीछे हैं .
देहरादून, 10 मार्च: उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और सामने आ रहे रुझानों में भाजपा 44 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 22 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है. चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय दो-दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन चंद्र कापडी से 954 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 8616 मतों से पीछे हैं .
चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य बाजपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार से 2755 मतों से पीछे चल रहे हैं. निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और चकराता से अब तक अजेय रहे कांग्रेस के प्रीतम सिंह अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के रामशरण नौटियाल से 1805 मतों से आगे हैं .
देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर आठ बार के विधायक रहे दिवंगत हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना से 4198 मतों से आगे चल रही हैं .
पुष्कर धामी मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय गदरपुर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रेमानंद महाजन से 6172 मतों से आगे चल रहे हैं .
हालांकि, हरिद्वार शहर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी से 209 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत कांग्रेस के महेश चंद्र से 452 वोटों से पीछे हैं. कृषि मंत्री सुबोध उनियाल जहां कांग्रेस प्रत्याशी ओम गोपाल से 1476 मतों से पीछे चल रहे हैं वहीं आपदा प्रबंधन मंत्री धनसिंह रावत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से 1011 मतों से पीछे हैं.
उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान हुआ था जिसमें 65 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था .
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 10, 2022 11:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

