देश

पटना: बालिका आवासगृह से 7 लड़कियां फरार, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

बिहार के पटना (Patna) जिले के मोकामा स्थित एक बालिका आवासगृह () से शुक्रवार रात सात लड़कियां फरार हो गईं. फरार होने वाली लड़कियों में चार मुजफ्फरपुर बालिका आवासगृह की बताई जा रही हैं...

पटना: बालिका आवासगृह से 7 लड़कियां फरार, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
बालिका आवासगृह से 7 लड़कियां फरार (Photo Credit- Twitter)

पटना:  बिहार के पटना (Patna) जिले के मोकामा स्थित एक बालिका आवासगृह (Girls Shelter) से शुक्रवार रात सात लड़कियां फरार हो गईं. फरार होने वाली लड़कियों में चार मुजफ्फरपुर बालिका आवासगृह की बताई जा रही हैं. बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मोकामा स्थित स्वयंसेवी संस्था-नाजरथ सोसाइटी द्वारा मोकामा में चलाए जा रहे बालिका आवासगृह से सात लड़कियां फरार हो गई हैं.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आवासगृह संचालक के मुताबिक लड़कियां आवासगृह के बाथरूम का ग्रिल काटकर भागी हैं. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने आवासगृह पहुंचकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है. उल्लेखनीय है कि बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका आवासगृह में लड़कियों के यौन शोषण का मामला प्रकाश में आने के बाद मुजफ्फरपुर बालिका आवासगृह की लड़कियों को राज्य के अन्य बालिका आवासगृहों में स्थानांतरित कर दिया गया था.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड: फरार चल रही पूर्व मंत्री मंजू वर्मा ने कोर्ट के सामने किया सरेंडर

गौरतलब है कि सरकार द्वारा मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज द्वारा किए गए सामाजिक अंकेक्षण रिपोर्ट में मुजफ्फरपुर स्थित बालिका आवास गृह में लड़कियों के यौन शोषण का मामला जून 2018 में सामने आया था.

इस मामले के प्रकाश में आने के बाद राज्य का सियासी पारा चढ़ गया था. विपक्षियों के दबाव के बाद 26 जुलाई, 2018 को राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई से कराने का निर्णय लिया था. पिछले दिनों सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले को मुजफ्फरपुर अदालत से दिल्ली स्थानांतरित करने का आदेश दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 23, 2019 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).