कांग्रेस के निलंबित विधायक रोशन बेग की बढ़ी मुश्किलें, पोंजी घोटाला मामले में एसआईटी ने भेजा नोटिस
आईएमए समूह से जुड़े कथित पोंजी घोटाला मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने मंगलवार को कांग्रेस के निलंबित विधायक रोशन बेग को एक नोटिस दिया और उनसे बृहस्पतिवार को उसके समक्ष पेश होने के लिए कहा.
बेंगलुरू: आईएमए समूह से जुड़े कथित पोंजी घोटाला (Ponzi Scam) मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने मंगलवार को कांग्रेस के निलंबित विधायक रोशन बेग को एक नोटिस दिया और उनसे बृहस्पतिवार को उसके समक्ष पेश होने के लिए कहा. शिवाजीनगर से विधायक रोशन बेग (Roshan Baig) के विधानसभा से इस्तीफा देने के कुछ घंटों के बाद यह घटनाक्रम हुआ. बेग को उनकी कथित पार्टी-विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था. एसआईटी के एक जांच अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हां, हमने एक नोटिस दिया है.’’
पोंजी योजना को चलाने वाला और आईएमए का मालिक मोहम्मद मंसूर खान फरार हो गया था। खान ने एक ऑडियो संदेश में बेग पर उससे 400 करोड़ रुपये लेने और इस धनराशि को वापस नहीं करने का आरोप लगाया था. बेग ने इन आरोपों का खंडन करते हुए इसे निराधार बताया था. हजारों निवेशकों, ज्यादातर मुस्लिमों से करोड़ों रुपये की राशि ठगने वाला खान पिछले महीने फरार हो गया था. कर्नाटक के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और यहां तक कि दिल्ली के लोगों ने भी इनके जाल में फंसकर इस पोंजी योजना में अपनी धनराशि निवेश की थी. यह भी पढ़े: पश्चिम बंगाल: पोंजी घोटाला पर बोले अमित शाह, कहा- बीजेपी देगी आरोपियों को सजा
एसआईटी ने इस घोटाले के संबंध में बेंगलुरु शहरी जिले के उपायुक्त बी एम विजय शंकर और बेंगलुरु उत्तर उप-मंडल के सहायक आयुक्त एल सी नागराज समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गौरतलब है कि एसआईटी ने पूर्व में आईएमए के कई शोरूम में छापेमारी की थी और नकदी, सोना, चांदी, मूल्यवान रत्न और महंगे इत्र बरामद किये थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2019 08:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

