Pune News: पुणे में अजीब-मामला! मायके से पत्नी के घर लौटने से मना करने पर पति ने फूंक दी बीवी की स्कूटी, गिरफ्तार
शहर के शिवणे इलाके में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी ने उसके साथ वापस ससुराल जाने से इनकार कर दिया था.
Pune News: शहर के शिवणे इलाके में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी ने उसके साथ वापस ससुराल जाने से इनकार कर दिया था. यह घटना रविवार (22 मार्च) तड़के करीब 1:17 बजे 'सतगुरु गैलेक्सी अपार्टमेंट' में हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
घरेलू विवाद के कारण अलग रह रही थी पत्नी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान 27 वर्षीय राजकुमार ईरन्ना सुतार के रूप में हुई है, जो सिंहगढ़ रोड स्थित समर्थ नगर का निवासी है. पीड़ित महिला, श्वेता विजय काटकर की शादी राजकुमार से हुई थी. शादी के शुरुआती तीन महीने साथ बिताने के बाद, दोनों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गए. इन झगड़ों के चलते श्वेता पिछले डेढ़ साल से अपने मायके में रह रही थी. यह भी पढ़े: Ashok Kharat Scandal: ढोंगी बाबा अशोक खरात की एक और घिनौनी करतूत CCTV में कैद, मां के सामने बच्ची से दुर्व्यवहार का नया VIDEO आया सामने
घर लौटने के इनकार पर भड़का गुस्सा
राजकुमार लगातार अपनी पत्नी पर वापस आने और वैवाहिक जीवन फिर से शुरू करने का दबाव बना रहा था. घटना वाले दिन, आरोपी श्वेता के मायके पहुँचा और उसे एक बार फिर साथ चलने को कहा. जब श्वेता ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया, तो राजकुमार अपना आपा खो बैठा. गुस्से में आकर उसने परिसर में खड़ी श्वेता की स्कूटी पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग लगा दी.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
आगजनी की इस घटना में वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है. श्वेता की शिकायत के आधार पर वारजे मालवाडी पुलिस ने मामला दर्ज कर राजकुमार को हिरासत में ले लिया है. पुलिस उपनिरीक्षक सुनील जगदाले इस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.