Himachal Pradesh Road Accident: मंडी में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी, 7 की मौत, सीएम सुक्खू ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां हिमाचल रोड परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पहाड़ी से नीचे गिर गई. इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि बस में 30 यात्री सवार थे, तभी यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई.
शिमला, 24 जुलाई : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां हिमाचल रोड परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पहाड़ी से नीचे गिर गई. इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि बस में 30 यात्री सवार थे, तभी यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई.
घायलों को सरकाघाट कस्बे के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन लोगों को बिलासपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में रेफर कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. घायलों को सरकाघाट के सिविल अस्पताल ले जाया गया है. इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के पास तारंगला में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को घायलों को अस्पताल ले जाकर इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं. यह भी पढ़ें : जो ‘लोकतंत्र’ सही से लिख नहीं सकते, वे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने निकले हैं: भाजपा का विपक्ष पर प्रहार
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के निकट तारंगला में एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से अब तक सात लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उपचार दिलाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं. दुख की इस घड़ी में, मैं दिवंगत जनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हों, यही मेरी कामना है."हालांकि, हादसे का कारण अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है.
बता दें कि हादसे के बाद सरकाघाट पुलिस थाने और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. साथ ही एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई. इस दौरान प्रशासन को बस से पीड़ितों को निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव वाले सबसे पहले मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों के आने से पहले ही बचाव अभियान शुरू कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश पीड़ित स्थानीय लोग थे.वहीं, भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि मंडी में हुई बस दुर्घटना बहुत दुखद है और मैं ईश्वर से सभी को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 04:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

