देश

Hardoi Road Accident: हरदोई में शादी से लौट रही कार खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के हरदोई में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी से लौट रही बारातियों की कार खाई में गिर गई. इस हादसे में मासूम सहित पांच लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए. मामला हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के गांव कुसुमा का है.

Hardoi Road Accident: हरदोई में शादी से लौट रही कार खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत
(Photo Credits ANI)

हरदोई, 31 मई : उत्तर प्रदेश के हरदोई में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी से लौट रही बारातियों की कार खाई में गिर गई. इस हादसे में मासूम सहित पांच लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए. मामला हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के गांव कुसुमा का है. बताया जा रहा है कि पाली थाना क्षेत्र के पटिया नीम निवासी नीरज पुत्र राम सेवक की बारात मझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव गई थी. शादी संपन्न के बाद बारात वापस लौट रही थी, तभी एक कार कुसुमा गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. हादसा इतना भीषण था कि कार सवार एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया. यहां डॉक्टरों ने छह लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है. सीओ शाहबाद (सर्किल ऑफिसर) अनुज मिश्रा ने कहा, "30 और 31 मई 2025 की रात पाली थाना क्षेत्र के महुला पटियान से नीरज पुत्र राम सेवक की बारात मझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव से लौट रही थी. तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ. डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया है और बाकी घायलों का इलाज चल रहा है." यह भी पढ़ें : मिजोरम में भारी बारिश के बीच पांच मकान और होटल ढहने से कई लोगों के मारे जाने की आशंका

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हम एक शादी में गए थे, तभी कुसुमा से आते समय हादसा हो गया. कार में करीब 10 लोग सवार थे. अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. ईएमओ सीएचसी डॉ. जीशान खान ने बताया कि 13 लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया. इनमें से 5 की मौत हो गई है और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम का माहौल है. एक शादी की खुशी पलभर में गम में बदल गई. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हरदोई में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके इलाज के लिए निर्देश दिए हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2025 10:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).