Gurugram: पैसों के विवाद में पीजी संचालक की माथे पर गोली मारकर हत्या; पत्नी और बच्चों के सामने वारदात, रिटायर्ड फौजी दिल्ली से गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित आचार्य पुरी (गंगा विहार) में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 32 वर्षीय पेइंग गेस्ट संचालक हेमंत कौशिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त पीड़ित की पत्नी और तीन बच्चे घर पर ही मौजूद थे. आरोप है कि करीब ₹6.5 लाख के पुराने उधारी विवाद के दौरान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त 40 वर्षीय अमरजीत ग्रेवाल उर्फ अमरजीत फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हेमंत के माथे पर गोली मार दी और फरार हो गया.
गुरुग्राम: साइबर सिटी के आचार्य पुरी (गंगा विहार) इलाके में मंगलवार, 8 सितंबर की शाम एक सनसनीखेज वारदात में पेइंग गेस्ट (पीजी) संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 32 वर्षीय हेमंत कौशिक के रूप में हुई है.
वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और सेक्टर-14 थाना पुलिस तथा क्राइम ब्रांच (मानेसर) की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाकर मुख्य आरोपी अमरजीत ग्रेवाल उर्फ अमरजीत फौजी (40 वर्ष) को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी भारतीय सेना से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुआ था और मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के बामला गांव का निवासी है. यह भी पढ़ें: Delhi Cyber Crime: कॉलेज की पुरानी रंजिश में AI से बनाईं सहपाठी की अश्लील तस्वीरें; B.Tech ग्रेजुएट केशव बंसल गिरफ्तार
पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुई बहस, माथे पर मारी गोली
पुलिस जांच और दर्ज शिकायत के अनुसार, हेमंत कौशिक अपने परिवार के साथ पीजी की निचली मंजिल (ग्राउंड फ्लोर) पर रहते थे.
- शाम 6 बजे घर पहुंचा आरोपी: मंगलवार शाम करीब 6 बजे अमरजीत पैसे के सिलसिले में बात करने हेमंत के घर पहुंचा. हेमंत ने अपने एक दोस्त को पहले ही सूचित कर दिया था कि अमरजीत पैसे लेने आ रहा है और उसने दोस्त को भी वहां आने के लिए कहा था.
- दो मिनट में बढ़ा विवाद: दोनों के बीच बातचीत शुरू होने के महज दो मिनट के भीतर तीखी बहस शुरू हो गई. आरोप है कि गुस्से में आकर अमरजीत ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और हेमंत के माथे पर सीधे गोली दाग दी। गोली चलाने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी, अस्पताल में तोड़ा दम
वारदात के समय हेमंत की पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे घर के भीतर ही मौजूद थे:
- गोली की आवाज और पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पीजी में रहने वाले किराएदार तुरंत मौके पर पहुंचे.
- खून से लथपथ हेमंत को आनन-फानन में सेक्टर-14 स्थित कल्याणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया.
- फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद हेमंत कौशिक को मृत घोषित कर दिया.
₹6.5 लाख के कर्ज को लेकर था पुराना विवाद
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP क्राइम) नवीन शर्मा ने बताया कि मृतक के दोस्त की शिकायत पर सेक्टर-14 थाने में हत्या (भारतीय न्याय संहिता के तहत) का मामला दर्ज किया गया:
- कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी पहचान: प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि हेमंत और अमरजीत की जान-पहचान एक साझे मित्र के माध्यम से हुई थी.
- 2021 का कर्ज: जांच के मुताबिक, हेमंत ने वर्ष 2021 में अमरजीत से करीब ₹6.5 लाख रुपये उधार लिए थे. इसी रकम की वापसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो मंगलवार शाम खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया.
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अमरजीत ग्रेवाल को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. वारदात में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार और वाहन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं. बुधवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हेमंत का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस मामले के अन्य संभावित पहलुओं की भी तफ्तीश कर रही है.