Gurugram Crime: गुरुग्राम में चलती कैब में महिला यात्री के सामने ड्राइवर ने की अश्लील हरकत, शर्मनाक घटना के बाद आरोपी चालक गिरफ्तार

गुरुग्राम में रैपिडो कैब ड्राइवर को एक महिला यात्री के सामने चलती गाड़ी में अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की सतर्कता और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दो घंटे के भीतर दबोच लिया

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

Gurugram Crime: दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में ऐप आधारित कैब सेवा प्रदाता कंपनी 'रैपिडो' (Rapido) के एक चालक को महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि 23 वर्षीय कैब ड्राइवर ने अपनी गाड़ी में बैठी एक महिला यात्री के सामने चलती कार में अश्लील हरकत (हस्तमैथुन) की. पीड़ित महिला की सूझबूझ और तत्परता के कारण पुलिस ने शिकायत मिलने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर को धर दबोचा. इस घटना ने एक बार फिर राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दफ्तर जाते समय रास्ते में हुई घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुग्राम की एक लॉजिस्टिक्स फर्म में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है. गुरुवार सुबह उसने अपने दफ्तर जाने के लिए रैपिडो ऐप के जरिए एक कैब बुक की थी. सुबह करीब 8:15 बजे, जब गाड़ी रास्ते में थी, तभी चालक ने अपनी पैंट की जिप खोली और चलती गाड़ी में ही महिला के सामने अश्लील हरकत करने लगा. इस अचानक हुई हरकत से महिला सहम गई, लेकिन उसने तुरंत हिम्मत दिखाई.  यह भी पढ़े: Bengaluru Shocker: बेंगलुरु में शर्मनाक वारदात, मडिवाला में देर रात पार्टी के दौरान केरल की कॉलेज छात्रा से मोमो शॉप में रेप; आरोपी गिरफ्तार

महिला ने बनाया वीडियो, आरोपी मौके से फरार

पीड़िता ने अत्यंत सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत अपने मोबाइल फोन से ड्राइवर की इस घिनौनी हरकत की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी. महिला ने बार-बार ड्राइवर को गाड़ी रोकने के लिए कहा. जैसे ही गाड़ी रुकी, महिला तुरंत कैब से नीचे उतर गई. इसके बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. महिला ने बिना समय गंवाए पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को मामले की सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम को वीडियो सबूत के तौर पर सौंप दिया.

दो घंटे के भीतर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

महिला की शिकायत पर गुरुग्राम के सेक्टर 51 स्थित महिला पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई. मामले की जांच महिला थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर सुमन को सौंपी गई. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और रैपिडो के बुकिंग डेटा की मदद से आरोपी की लोकेशन को ट्रैक किया. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर को गुरुग्राम के भोंडसी इलाके से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी की पहचान और आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार किए गए ड्राइवर की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बनिहारी गांव का रहने वाला है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कैब को भी जब्त कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा चुका है. पुलिस अब वीडियो साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की विस्तृत तफ्तीश जारी है.

Share Now