Gujarat Assembly Elections 2022: अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डाला वोट
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को अहमदाबाद में अपना वोट डाला.
अहमदाबाद, पांच दिसंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को अहमदाबाद में अपना वोट डाला. गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण में राज्य के 14 जिलों की 93 सीट पर सोमवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चलेगा. यह भी पढ़ें: वोट डालने के बाद उत्साह में दिखे PM मोदी, कहा- लोकतंत्र का यह उत्सव है इसे मतदाताओं ने उमंग के साथ मनाया
प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद शहर के रानीप इलाके में निशान हाई स्कूल में बने मतदान केंद्र पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे वोट डालने पहुंचे. प्रधानमंत्री ने कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया.
मतदान केंद्र से निकलने के बाद प्रधानमंत्री ने अपने स्वागत के लिए आई भीड़ को उनकी वह उंगली दिखाई, जिस पर स्याही लगी थी. इसके बाद वह मतदान केंद्र के पास स्थित अपने बड़े भाई सोमा मोदी के घर के लिए रवाना हुए.
इससे पहले सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लोगों से मतदान करने का आह्ववान किया था.
प्रधानमंत्री मोदी ट्वीट किया, ‘‘ गुजरात चुनाव के दूसरे चरण में मतदान करने वाले सभी लोगों, विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं.’’
अहमदाबाद, वडोदरा एवं गांधीनगर सहित 14 जिलों के इन 93 विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित 61 राजनीतिक दलों के कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं.
गुजरात में एक दिसंबर को पहले चरण में 89 सीट पर करीब 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतगणना आठ दिसंबर को की जाएगी.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 05, 2022 10:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

