Gujarat ATS Action: जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा
महेसाणा की अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. ATS का कहना है कि पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क, फंडिंग के स्रोत, संभावित सहयोगियों और निशाने पर मौजूद ठिकानों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी. एजेंसी इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है.
Gujarat ATS Arrests Jaish-e-Mohammed Operatives Ahead of Jagannath Rath Yatra: अहमदाबाद में 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले गुजरात एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. गुजरात और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में एक साथ चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान इन आरोपियों को पकड़ा गया. मामले की सुनवाई के बाद महेसाणा की स्थानीय अदालत ने सभी आरोपियों को 14 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
गुजरात ATS के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर गुजरात में आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे. एजेंसी का दावा है कि ये लोग भविष्य में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और डिजिटल माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने की कोशिश भी कर रहे थे.
डिजिटल डिवाइस से मिला आतंकी प्रचार सामग्री
जांच के दौरान ATS ने आरोपियों के कब्जे से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन और डिजिटल फाइलें बरामद की हैं. इनमें प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी कथित प्रचार सामग्री और अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं. फिलहाल एजेंसी सभी डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि फंडिंग नेटवर्क, स्थानीय संपर्कों और संभावित स्लीपर सेल का पता लगाया जा सके.
गुजरात में आतंकी संदिग्धों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया:
जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब 16 जुलाई को अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजित होनी है. इस धार्मिक आयोजन में हर साल लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं और राज्यभर में संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है.
14 दिन की पुलिस रिमांड में रहेंगे आरोपी
महेसाणा की अदालत ने सभी आठ आरोपियों को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. ATS का कहना है कि पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क, फंडिंग के स्रोत, संभावित सहयोगियों और निशाने पर मौजूद ठिकानों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी. एजेंसी इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है.