एजेंसी न्यूज

Gold Rate Today: सोना 1,025 रुपये की छलांग के साथ रिकॉर्ड उच्चस्तर पर, चांदी में भी जबरदस्‍त उछाल

मजबूत वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 1,025 रुपये के उछाल के साथ 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.

Gold Rate Today: सोना 1,025 रुपये की छलांग के साथ रिकॉर्ड उच्चस्तर पर, चांदी में भी जबरदस्‍त उछाल
Gold | Photo: Pixabay

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल: मजबूत वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 1,025 रुपये के उछाल के साथ 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी. पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,055 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था.

चांदी की कीमत भी 1,810 रुपये के उछाल के साथ 73,950 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई.

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘दिल्ली के बाजार में सोने का हाजिर भाव 1,025 रुपये की तेजी के साथ 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.’’

उन्होंने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में सोने का भाव अपने ताजा सर्वकालिक उच्चस्तर यानी 61,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को लांघ गया.’’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मजबूती के साथ 2,027 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी भी बढ़त के साथ 24.04 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

अमेरिकी रोजगार के आंकड़े अनुमान से कहीं कम रहने के बीच कॉमेक्स में सोने की कीमतों में बुधवार को एशियाई कारोबारी घंटों में तेजी आई और इसमें मार्च, 2022 के बाद से 1.80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है. गांधी ने कहा कि इसके अतिरिक्त अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़े आने के बाद अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड आय में गिरावट आई है जिससे सर्राफा कीमतों में तेजी आई.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2023 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).