शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ा सोने और चांदी का दाम, गोल्ड 33 हजार पहुंचा
सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच शादी ब्याह की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 90 रुपये बढ़कर 33,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया...
नई दिल्ली: सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच शादी ब्याह की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा लिवाली से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 90 रुपये बढ़कर 33,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 100 रुपये की तेजी के साथ 40,050 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार में शादी-ब्याह के लिये आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने से कीमती धातुओं में तेजी का रुख रहा.
इसके अलावा विदेशों में मजबूती के रुख से यहां भी सोने की कीमतों की तेजी को समर्थन मिला है. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,284.30 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी 0.39 प्रतिशत बढ़कर 15.41 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बोली गई.
राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90 - 90 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 33,300 रुपये और 33,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. वृहस्पतिवार को सोने में स्थिरता का रुख बना रहा.
यह भी पढ़ें: सोना और चांदी के दामों में आई उछाल, गोल्ड 150 रुपये तो सिल्वर 410 रुपये प्रति ग्राम बढ़ा
हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 25,500 रुपये पर स्थिर रहा. सोने की ही तरह चांदी तैयार का भाव 100 रुपये चढ़कर 40,050 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि, चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 42 रुपये बढ़कर 39,036 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. दूसरी ओर चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 77 हजार और 78 हजार रुपये प्रति सैकड़ा पर पूर्ववत बोले गये.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 25, 2019 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

