बॉयफ्रेंड को पायलट बनाने के लिए लड़की ने अपने घर में ही की 1 करोड़ की चोरी, ऐसे हुआ खुलासा
एक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को पायलट बनाने के लिए अपनी ही घर में चोरी कर ली, चोरी भी कोई छोटी-मोटी नहीं बल्कि पूरे 1 करोड़ की.
प्यार के लिए सब कुछ दांव पर लगाना फिल्मों और कहानियों में हम कई बार देख चुके हैं, लेकिन अब ऐसी ही एक असली मामला भी जान लीजिए, जहां एक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को पायलट बनाने के लिए अपनी ही घर में चोरी कर ली, चोरी भी कोई छोटी-मोटी नहीं बल्कि पूरे 1 करोड़ की. गुजरात के राजकोट की रहने वाली प्रियंका ने अपने बॉयफ्रेंड के सपनों को पूरा करने के लिए अपने घर के कैश और जूलरी पर ही हाथ साफ कर दिया. बताया जा रहा है कि लड़की की उम्र 20 साल है, और उसने बेंगलुरु की पायलट ट्रेनिंग ऐकडेमी में कोर्स करने जा रहे बॉयफ्रेंड को पैसा मुहैया कराने के लिए यह कदम उठाया.
प्रियंका ने इस घटना को चोरी का नाम देने के लिए पूरी योजना बनाई थी. किसी को शक न हो इसके लिए प्रियंका ने अपने घर में तोड़फोड़ भी की और चोरी करके घर को लॉक करके बाहर निकल गई. दोपहर में जब उसके उसके पिता घर आए तो उन्हें चोरी की घटना का पता चला. मामले में पुलिस ने कहा कि 'घर के अंदर जबरन प्रवेश के सबूत नहीं मिले थे और अलमारी को ड्यूप्लिकेट चाबी से खोला गया था. इससे साफ था कि जिस शख्स के पास ड्यूप्लिकेट चाबी है उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया है.' पुलिस ने युवती और उसके बॉयफ्रेंड को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही दोनों के पास से चोरी हुए जेवरात और कैश बरामद कर लिए गए हैं.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस ने जांच के लिए सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उन्हें वैसा कुछ सुराग नहीं मिला जैसा की प्रियंका ने अपने बयान में कहा था. शक होने पर पुलिस ने प्रियंका के अतीत की जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका हेत के साथ लव अफेयर था. प्रियंका के बॉयफ्रेंड हेत के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि चोरी की वारदात के अगले ही दिन वह बेंगलुरु चला गया था. इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम बेंगलुरु पहुंची और हेत से पूछताछ की.
पुलिस को उसके पास से चोरी किए गिया सामान भी मिला. पूछताछ के दौरान हेत ने कबूल किया कि प्रियंका ने चोरी की प्लानिंग की थी. हेत से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि वह पायलट बनना चाहता था और फीस भरने के लिए उसे 20 लाख रुपयों की जरूरत थी. प्रियंका उसके इस सपने को पूरा करने के लिए मदद करना चाहती थी और इसी वजह से उसने अपने घर में चोरी की.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2018 04:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

