Ganeshotsav 2026: गणपति के लिए कोंकण जाने वालों को बड़ी राहत, MSRTC चलाएगा 5,220 अतिरिक्त बसें; जानें बुकिंग और छूट की पूरी जानकारी
गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए MSRTC ने विशेष प्रशासनिक व्यवस्था भी की है. 7 सितंबर से मुंबई, ठाणे और पालघर के प्रमुख बस डिपो पर वरिष्ठ अधिकारी चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे. वहीं कोंकण जाने वाले प्रमुख राजमार्गों पर मोबाइल रिपेयर यूनिट और अस्थायी ब्रेकडाउन टीमें तैनात रहेंगी.
Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने बड़ी घोषणा की है. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए MSRTC ने 7 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक कोंकण क्षेत्र के लिए 5,220 अतिरिक्त बस सेवाएं चलाने का फैसला किया है. इन विशेष बसों के जरिए मुंबई, ठाणे और पालघर से कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी.
यह घोषणा महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं MSRTC के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने मुंबई सेंट्रल स्थित MSRTC मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद की. बैठक में MSRTC के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने गणेशोत्सव के दौरान परिवहन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया.
प्रताप सरनाईक ने गणेश उत्सव के लिए कोंकण तक 5,220 अतिरिक्त बस सेवाओं की पुष्टि की:
7 सितंबर से 25 सितंबर तक चलेंगी विशेष बसें
इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू हो रहा है. हर वर्ष की तरह इस बार भी मुंबई, ठाणे और पालघर से बड़ी संख्या में लोग अपने गांव कोंकण लौटते हैं. इसी भीड़ को ध्यान में रखते हुए MSRTC ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है. प्रताप सरनाईक ने कहा कि गणेशोत्सव कोंकण के लोगों की आस्था और संस्कृति से जुड़ा सबसे बड़ा पर्व है और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है.
उन्होंने बताया कि हाल ही में आषाढ़ी एकादशी यात्रा के दौरान 5,200 अतिरिक्त बसें सफलतापूर्वक संचालित की गई थीं. उसी मॉडल को अपनाते हुए इस बार गणेशोत्सव के लिए 5,220 अतिरिक्त बसें विभिन्न मार्गों पर चलाई जाएंगी.
टिकट बुकिंग और छूट की सुविधा
विशेष बसों के लिए व्यक्तिगत टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है. यात्री MSRTC की आधिकारिक वेबसाइट, बस स्टेशनों के आरक्षण काउंटर या MSRTC Bus Reservation मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं.
इसके अलावा 10 अगस्त से 40 या उससे अधिक यात्रियों के समूह के लिए ग्रुप बुकिंग भी शुरू होगी. इन बुकिंग पर सरकार की यात्रा रियायतें भी लागू रहेंगी. महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी. 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के 'अमृत वरिष्ठ नागरिकों' को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी.
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए MSRTC ने विशेष प्रशासनिक व्यवस्था भी की है. 7 सितंबर से मुंबई, ठाणे और पालघर के प्रमुख बस डिपो पर वरिष्ठ अधिकारी चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे. वहीं कोंकण जाने वाले प्रमुख राजमार्गों पर मोबाइल रिपेयर यूनिट और अस्थायी ब्रेकडाउन टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी बस में तकनीकी खराबी आने पर उसे तुरंत ठीक किया जा सके और यात्रियों की यात्रा बाधित न हो.