Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव पर कोंकण जाने वाले वाहनों से सायन-पनवेल हाईवे पर भारी ट्रैफिक, कई जगह डायवर्जन
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और रिपोर्टों के अनुसार, सड़क के एक ओर तीन-तीन लेन में गाड़ियां फंसी हुई हैं. पुलिस के अनुसार, इस अवधि के दौरान लगभग 1 लाख से अधिक वाहनों के इस मार्ग से गुजरने का अनुमान है.
Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव 2026 के अवसर पर मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालुओं के अपने गृहनगर कोकण जाने की वजह से शीव-पनवेल महामार्ग (Sion-Panvel Highway) पर भीषण यातायात जाम की स्थिति बन गई है. शनिवार सुबह से ही कळंबोली सर्कल के पास वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.
लगातार छुट्टियों और गणपति बप्पा के आगमन के कारण निजी वाहनों, एसटी बसों और ट्रैवल एजेंसियों की गाड़ियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे पूरे कॉरिडोर पर ट्रैफिक बेहद धीमी गति से रेंग रहा है. यह भी पढ़े: गणेश चतुर्थी 2026 सार्वजनिक अवकाश: जानिए क्या 14 सितंबर को आपके राज्य में बैंक बंद रहेंगे?
कळंबोली सर्कल पर वाहनों का भारी दबाव
मुंबई-गोवा महामार्ग और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला मुख्य जंक्शन होने के कारण कळंबोली सर्कल और पनवेल क्षेत्र में वाहनों की सबसे ज्यादा भीड़ दर्ज की गई है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और रिपोर्टों के अनुसार, सड़क के एक ओर तीन-तीन लेन में गाड़ियां फंसी हुई हैं. पुलिस के अनुसार, इस अवधि के दौरान लगभग 1 लाख से अधिक वाहनों के इस मार्ग से गुजरने का अनुमान है.
नवी मुंबई ट्रैफिक पुलिस का स्पेशल ट्रैफिक प्लान
वाहनों के भारी दबाव से निपटने और यात्रियों को राहत देने के लिए नवी मुंबई पुलिस ने विशेष यातायात डायवर्जन और प्रबंधन योजना लागू की है:
-
अटल सेतू और उरण फाटा की तरफ डायवर्जन: मुंबई से आने वाले हल्के वाहनों को भीड़ कम करने के लिए अटल सेतू (MTHL) और उरण फाटा की ओर मोड़ा जा रहा है, ताकि वे सीधे खारपाडा या पळस्पे की तरफ निकल सकें.
-
वैकल्पिक मार्ग (Alternate Routes): ठाणे और कल्याण की ओर से आने वाले यातायात को एयरपोर्ट रोड या टी-पॉइंट से होकर पळस्पे और खारपाडा टोल नाके की तरफ भेजा जा रहा है.
-
अतिरिक्त ट्रैफिक वार्डन तैनात: पनवेल नगर निगम (PMC) से करीब 50 अतिरिक्त ट्रैफिक वार्डन मांगे गए हैं. कुल मिलाकर 400 से अधिक पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक ट्रैफिक सुचारू करने में जुटे हैं.
ब्रेकडाउन और आपात स्थिति के लिए व्यवस्था
रस्ते में गाड़ियां खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक विभाग ने मुख्य सड़कों पर क्रेन, मैकेनिक और आपातकालीन वाहनों की तैनाती की है. विशेष रूप से एसटी बसों के लिए दो अलग से ब्रेकडाउन वाहन उपलब्ध कराए गए हैं.
यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक जाम से बचने के लिए पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों और अटल सेतू का अधिकतम उपयोग करें.