G20 Summit: 8-10 सितंबर तक ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस पर रोक, क्लाउड किचन रहेंगे बंद; लोगों के आने-जाने पर ये है नियम
दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) आयोजित हो रहा है. यह सम्मलेन भारत के लिए कई मायनों में खास है. इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
नई दिल्ली: दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) आयोजित हो रहा है. यह सम्मलेन भारत के लिए कई मायनों में खास है. इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. जी-20 सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली जिले में तीन दिनों तक ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस बंद रहेगी. सिर्फ दवाओं को ऑनलाइन मंगाया जा सकेगा. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली जिले में दवाओं को छोड़कर सभी ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं पर रोक रहेगी. G20 Summit 2023: वैश्विक नेताओं की मेजबानी के लिए तैयार है दिल्ली, सुरक्षा से लेकर स्वाद तक... ऐसी हैं तैयारियां.
विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) एस. एस. यादव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जी20 को लेकर 25 अगस्त को पुलिस द्वारा जारी यातायात परामर्श में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उन्होंने कहा, ‘‘आवश्यक सेवाएं जैसे डाक और चिकित्सा सेवाएं, मेडिकल जांच के लिए नमूना एकत्र करने की नयी दिल्ली में अनुमति होगी. जिले में कमर्शियल गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी. ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं की अनुमति नहीं होगी लेकिन दवाओं की डिलीवरी की जा सकेगी.’’
उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के लिए दी गई वैध अनुमतियों का ‘सम्मान’ किया जाएगा. वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि ‘उच्चतम न्यायालय स्टेशन’ को छोड़कर मेट्रो सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी. उन्होंने कहा, ‘‘वीआईपी आवाजाही और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण स्टेशनों पर 10-15 मिनट के लिए गेट बंद हो सकते हैं. लेकिन प्रगति मैदान (उच्चतम न्यायालय) के अलावा अन्य स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी.’’
यादव ने कहा कि जिन लोगों ने नयी दिल्ली जिले में होटल बुक किए हैं, जो हवाई अड्डा या रेलवे स्टेशन से आ-जा रहे हैं, उन्हें यात्रा करने की अनुमति होगी. हालांकि मांगने पर उन्हें अपनी टिकट, बुकिंग की जानकारी आदि वैध दस्तावेज दिखाने होंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण 10-15 मिनट की देरी हो सकती है लेकिन उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.’’ जी20 शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होने वाला है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2023 09:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

