Khan Sir Coaching Center Firing: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला, फायरिंग में सुरक्षाकर्मी घायल; VIDEO
पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित प्रसिद्ध शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की है. इस हमले में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया है, जिसके बाद खान सर ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है.
Khan Sir Coaching Center Firing: बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहाँ मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित प्रसिद्ध शिक्षक 'खान सर' (Khan Sir) के कोचिंग संस्थान को निशाना बनाकर फायरिंग की गई है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले में कोचिंग सेंटर का एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
सुरक्षा गार्ड अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के मुताबिक, घायल सुरक्षा गार्ड को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने घटनास्थल का दौरा किया है. यह भी पढ़े: Khan Sir Raksha Bandhan: खान सर को रक्षाबंधन पर 15 हजार छात्राओं ने बांधी राखी, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल; VIDEO
खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बात करते हुए एसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि यह मामला शारीरिक हमले और गोलीबारी से जुड़ा है. पुलिस फिलहाल स्थानीय लोगों और घायल सुरक्षा गार्ड का बयान दर्ज कर रही है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
खान सर के कोचिंग सेंटर पर फार्यिंग
खान सर ने लगाया प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान पर आरोप
इस हिंसक घटना के बाद खान सर ने मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे पास का ही एक प्रतिद्वंद्वी (Rival) कोचिंग संस्थान शामिल हो सकता है.
खान सर ने कहा, "मुख्य मुद्दा यह है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं? हमारे संस्थान से इतने बड़े पैमाने पर रिजल्ट क्यों आ रहे हैं? जब हजारों की संख्या में छात्र सफल होते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है. उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर दबा सकते हैं."
दफ्तर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी
खान सर ने आगे आरोप लगाया कि हमलावरों ने न केवल फायरिंग की बल्कि कोचिंग सेंटर के दफ्तर में भी जमकर तोड़फोड़ की. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है.
खान सर के मुताबिक, "हमलावरों ने दफ्तर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. हमारे सुरक्षा गार्ड ने अपराधियों की पहचान कर ली है, वे पास के कोचिंग सेंटर के ही लोग हैं. इसके सीसीटीवी फुटेज भी अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं. यह सब जानते हैं कि इसके पीछे कौन है. उन्होंने तो पहले भी बयान दिया था कि वे खान सर के कोचिंग सेंटर को बम से उड़ा देंगे."
खान सर का बयान
इस घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर खान सर का एक वीडियो बयान भी तेजी से वायरल हो रहा है. अपने इस बयान में खान सर ने इस पूरी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ है वह पूरी तरह से गलत है. शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि गरीब बच्चों को पढ़ने का अधिकार है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. फिलहाल पटना पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.