VIDEO: दिल्ली के Kosmos Hospital में लगी आग, हादसे में एक युवक की मौत; अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार अस्पताल में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं.
Delhi Kosmos Hospital Fire: पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार अस्पताल में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं. दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर मिली, जिसके तुरंत बाद आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है, लेकिन अस्पताल में धुआं फैल जाने से मरीजों और स्टाफ को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली के कोसमोस अस्पताल में लगी आग
पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद
घायलों में से सात को उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच जारी है.
हादसे पर प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगते ही अस्पताल में मौजूद लोग घबरा गए और बाहर निकलने की कोशिश करने लगे. दमकल विभाग की तेज कार्रवाई से स्थिति बिगड़ने से बच गई. अस्पताल प्रबंधन ने भी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में पूरी मदद की.
अस्पतालों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल संबंधित विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.