Maharashtra TET 2026 Paper Leak: महाराष्ट्र टेट 2026 पेपर लीक मामला, CM देवेंद्र फडणवीस ने SIT जांच के दिए आदेश, परीक्षा स्थगित
परिषद ने अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि दोबारा परीक्षा आयोजित होने पर किसी भी उम्मीदवार से पुनः पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा.
Maharashtra TET 2026 Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के कथित पेपर लीक मामले ने राज्य में हड़कंप मचा दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के आदेश दिए हैं. वहीं, 28 जून को आयोजित होने वाली TET 2026 परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अगुवाई में SIT गठित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से भी बातचीत कर मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है.
इस मामले में ठाणे जिले की भिवंडी पुलिस ने बिहार और हरियाणा के रहने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से TET 2026 के मूल प्रश्नपत्र की प्रतियां बरामद की गई हैं. जांच एजेंसियों का मानना है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता हैं.
फडणवीस ने महाराष्ट्र TET 2026 पेपर लीक मामले की SIT जांच के आदेश दिए
Maharashtra TET 2026 Exam leak case: Maharashtra CM Devendra Fadnavis orders SIT (Special Investigation Team) under Thane Joint CP Panjabrao Ugale. CM Devendra Fadnavis spoke to School Education Minister Dada Bhuse & DGP Sadanand Date & directed strictest action against the… pic.twitter.com/4NLN52DBBo
— ANI (@ANI) June 27, 2026
पुलिस ने बताया कि कथित पेपर लीक के स्रोत और मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए कई राज्यों में विशेष टीमें भेजी गई हैं. मामले में कोंगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), महाराष्ट्र प्रतिस्पर्धी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 तथा महाराष्ट्र परीक्षा कदाचार निवारण कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र प्रतिस्पर्धी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत कार्रवाई किए जाने से आरोपियों पर गैर-जमानती धाराओं सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई संभव होगी.
घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने 28 जून 2026 को होने वाली TET परीक्षा स्थगित करने की घोषणा की. इस परीक्षा में राज्यभर के 37 स्थानों पर बनाए गए 1,728 परीक्षा केंद्रों में छह लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना था.
MSCE ने अपने बयान में कहा कि मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया गया है. परिषद ने स्पष्ट किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएगी और नई परीक्षा तिथि आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द घोषित की जाएगी.
परिषद ने अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि दोबारा परीक्षा आयोजित होने पर किसी भी उम्मीदवार से पुनः पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा.
फिलहाल SIT पूरे मामले की निगरानी कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ, इसमें कौन-कौन शामिल था और क्या इसके पीछे कई राज्यों में फैला कोई बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय था.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2026 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

