ECI Announcement: राज्यसभा की 12 और 4 राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनाव का ऐलान; 16 और 23 अक्टूबर को होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 12 सीटों और चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना होगी. इसमें 11 द्विवार्षिक सीटें (उत्तर प्रदेश से 10 और उत्तराखंड से 1) तथा पश्चिम बंगाल की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव शामिल है.
नई दिल्ली: देश के उच्च सदन और राज्यों के उच्च सदनों में रिक्त हो रही सीटों को भरने के लिए चुनाव आयोग ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है. निर्वाचन आयोग (ECI) ने तीन राज्यों में राज्यसभा की 12 सीटों और चार राज्यों में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए विस्तृत चुनावी कार्यक्रम जारी किया है.
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि चार राज्यों की स्नातक और शिक्षक कोटे की विधान परिषद सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को वोटिंग कराई जाएगी. यह भी पढ़ें: TMC Symbol Row: ममता बनर्जी गुट ने जारी किया 'फुटबॉल खिलाड़ी' वाला नया लोगो; उपचुनाव से पहले चुनाव आयोग ने फ्रीज किया था पारंपरिक नाम और प्रतीक
राज्यसभा चुनाव: 16 अक्टूबर को मतदान और उसी दिन मतगणना
राज्यसभा की कुल 12 सीटों में से 11 सीटों पर नियमित द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है:
- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के कारण द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं
- पश्चिम बंगाल उपचुनाव: तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद रुक्मिणी मल्लिक के इस्तीफे से रिक्त हुई पश्चिम बंगाल की एक सीट पर इसी दिन उपचुनाव होगा।
- महत्वपूर्ण तारीखें: चुनाव की औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकनों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की समयसीमा 9 अक्टूबर तय की गई है.
- मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी.
उत्तर प्रदेश के इन प्रमुख सदस्यों का कार्यकाल हो रहा समाप्त
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें सत्ता और विपक्ष के कई कद्दावर चेहरे शामिल हैं:
- सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, पूर्व आईपीएस अधिकारी बृजलाल, केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव, नीरज शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी और सीमा शामिल हैं.
- पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद रिक्त हुई सीट पर भी यह चुनाव कराया जा रहा है. वहीं, उत्तराखंड से भाजपा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा हो रहा है.
4 राज्यों में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में स्थानीय विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 28 सीटों पर भी द्विवार्षिक चुनाव घोषित किए हैं:
- उत्तर प्रदेश (11 सीटें): पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र.
- बिहार (8 सीटें): चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र.
- महाराष्ट्र (5 सीटें): तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र.
- कर्नाटक (4 सीटें): दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र.
एमएलसी चुनावों के लिए भी अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और 6 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। इन 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी.
आचार संहिता लागू, विशेष स्केच पेन से ही दर्ज होगी वरीयता
चुनावी कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो गई है.
राज्यसभा चुनाव की पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग ने सख्त दिशानिर्देश दिए हैं. आयोग के अनुसार, मतदान के दौरान विधायकों और निर्वाचकों को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले विशेष बैंगनी रंग (Violet Color) के स्केच पेन से ही मतपत्र पर अपनी वरीयता अंकित करनी होगी. किसी अन्य पेन या स्याही का उपयोग करने पर मतपत्र अमान्य घोषित कर दिया जाएगा.