देश

Eid-e-Milad 2026: ईद-उल-मिलाद को लेकर मानखुर्द और पूर्वी उपनगरों के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, कई रूट डायवर्ट

मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने ईद-उल-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) के जुलूसों को देखते हुए मानखुर्द और पूर्वी उपनगरों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 26 अगस्त को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे.

Eid-e-Milad 2026: ईद-उल-मिलाद को लेकर मानखुर्द और पूर्वी उपनगरों के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, कई रूट डायवर्ट
Mumbai Traffic (Photo Credits: ANI)

Eid-e-Milad 2026: पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस 'ईद-उल-मिलाद' के अवसर पर निकलने वाले धार्मिक जुलूसों को ध्यान में रखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने मानखुर्द इलाके और पूर्वी उपनगरों के लिए विस्तृत यातायात निर्देश (ट्रैफिक एडवाइजरी) जारी किए हैं. जुलूसों के दौरान सड़कों पर अत्यधिक भीड़ और वाहनों के दबाव से निपटने तथा आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 26 अगस्त को कई प्रमुख रास्तों पर अस्थायी प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं.

जुलूस का समय और अनुमानित भीड़

आधिकारिक ट्रैफिक अधिसूचना के अनुसार, मानखुर्द और घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड (GMLR) कॉरिडोर पर 26 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे के बीच जुलूसों का मुख्य समय निर्धारित किया गया है.

प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, इस जुलूस में लगभग 70,000 से 80,000 अकीदतमंद हिस्सा ले रहे हैं. इसके अलावा जुलूस के काफिले में 100 से अधिक दोपहिया वाहन और 50 से ज्यादा बड़े वाहन शामिल हैं, जिसके चलते मुख्य मार्गों पर यातायात नियंत्रण बेहद जरूरी हो गया है.

भारी वाहनों के लिए डायवर्जन और नो-पार्र्किंग नियम

यातायात को सुचारू रखने के लिए भारी वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर सख्त नियम बनाए गए हैं:

  • घाटकोपर-मानखुर्द रूट: बेस्ट (BEST) बसों और जुलूस में शामिल वाहनों को छोड़कर, छेड़ा नगर जंक्शन से मानखुर्द टी-जंक्शन के बीच दोनों दिशाओं में अन्य सभी भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा.

  • वाशी की तरफ जाने वाले वाहन: छेड़ा नगर जंक्शन से वाशी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से उमरशी बप्पा जंक्शन और फिर वी.एन. पुरव मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है.

  • घाटकोपर और विक्रोली की तरफ जाने वाले वाहन: सायन-पनवेल रोड से मानखुर्द टी-जंक्शन होकर घाटकोपर या विक्रोली जाने वाली गाड़ियों को मानखुर्द टी-जंक्शन से वी.एन. पुरव मार्ग होते हुए उमरशी बप्पा जंक्शन की ओर भेजा जा रहा है.

  • नो-पार्किंग क्षेत्र: जुलूस के रास्तों और उससे जुड़ी सड़कों, जैसे मधुकर कदम मार्ग और पी.एल. लोखंडे मार्ग पर वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है.

यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी उपनगरों और मानखुर्द क्षेत्र से होकर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना समय से पहले बनाएं और संभावित देरी को ध्यान में रखें. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और सड़कों पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें ताकि यातायात व्यवस्था में कोई बाधा न आए

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2026 09:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).