Stray Dogs Attack: डोंबिवली के पलावा सिटी में मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड का हमला, गार्ड ने बचाई जान; CCTV में कैद VIDEO वायरल
डोंबिवली की पलावा सिटी में स्कूल जा रही एक 7 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से बच्ची की जान बच गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Stray Dogs Attack: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित आलीशान 'पलावा सिटी' टाउनशिप में सोमवार सुबह एक खौफनाक घटना सामने आई. स्कूल जा रही एक 7 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के एक झुंड ने अचानक हमला कर दिया. यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. गनीमत रही कि मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत कार्रवाई की और कुत्तों को भगा दिया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई.
स्कूल जाते समय हमला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर वायरल हुए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्ची अपने रोजाना के रूटीन के अनुसार स्कूल बस पकड़ने के लिए बिल्डिंग से बाहर निकली थी. वह शांति से चल रही थी, तभी सोसाइटी परिसर में घूम रहे 4-5 आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया. देखते ही देखते कुत्ते आक्रामक हो गए और बच्ची का पीछा करने लगे. यह भी पढ़े: Maharashtra Stray Dogs: सुप्रीम कोर्ट के फरमान के बाद महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, सार्वजनिक जगहों से आवारा कुत्ते हटाने के आदेश, PETA का विरोध
पलावा सिटी में मासूम बच्ची पर हमला
बच्ची खुद को बचाने के लिए भागने लगी, जिससे कुत्ते और भी उत्तेजित हो गए. डरी हुई बच्ची की चीखें सुनकर पास ही तैनात एक सुरक्षा गार्ड हरकत में आया. वह लाठी लेकर तुरंत कुत्तों की ओर दौड़ा और उन्हें वहां से खदेड़ दिया. गार्ड की इस समय पर की गई दखलअंदाजी की हर तरफ तारीफ हो रही है.
बच्ची सदमे में, सुरक्षित लेकिन तनाव में
सोसाइटी के सदस्यों के अनुसार, बच्ची को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन वह इस घटना से बुरी तरह सहमी हुई है. परिजनों का कहना है कि वह गहरे मानसिक तनाव और डर में है. टाउनशिप के निवासियों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है. लोगों का सवाल है कि इतनी बड़ी और गेटेड (Gated) टाउनशिप के अंदर आवारा कुत्ते इतनी आसानी से कैसे घूम रहे हैं.
निवासियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद पलावा सिटी के निवासियों ने कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) और टाउनशिप प्रशासन से तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब आवारा कुत्तों ने किसी बच्चे या बुजुर्ग को निशाना बनाया है. निवासियों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों का उचित नसबंदी अभियान चलाया जाए और उन्हें रिहायशी इलाकों से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए.
नगर निगम के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या को हल करने के लिए जल्द ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा.