Diwali 2024: दीपावली पर CM योगी ने किए श्रीरामलला के दर्शन, जनमानस के सुखी व स्वस्थ होने की प्रार्थना की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दरबार में हाजिरी लगाई. यहां दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान रामलला के भी दर्शन पूजन किए और जनमानस के सुखी व स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
अयोध्या, 31 अक्टूबर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दरबार में हाजिरी लगाई. यहां दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान रामलला के भी दर्शन पूजन किए और जनमानस के सुखी व स्वस्थ होने की प्रार्थना की. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के अभिराम दास वार्ड स्थित मीरापुर बुलंदी दलित बस्ती पहुंचे. यहां उन्होंने दलित महिलाओं को दीपावली पर उपहार स्वरूप मिठाई व वस्त्र वितरित किए साथ ही छोटे बच्चों को चॉकलेट भी दिया. सीएम के हाथों चॉकलेट पाकर बच्चे भी चहकते दिखे.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज दीपावली का पावन पर्व है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के 14 वर्ष के वनवास के उपरांत अयोध्या धाम त्रेता युग में दीप मालाओं से जगमग हुआ था. हजारों वर्षों के बाद भी यह पर्व पूरे देश का एक उत्सव बन गया है. हर सनातन धर्मावलंबी विश्वास व श्रद्धा भाव के साथ इस कार्यक्रम के साथ जुड़ा हुआ है और इस बार की दीपावली तो विशेष है. 500 वर्षों के एक लंबे अंतराल के बाद प्रभु श्री राम अपने स्वयं के धाम में विराजमान हुए हैं. प्रभु श्री राम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान होकर हम पर साक्षात अपना आशीर्वाद बरसा रहे हैं. यह भी पढ़ें : Diwali 2024: बुजुर्ग दादी का हाथ में लेकर पटाखे फोड़ने का क्लिप वायरल, वीडियो देख लोग हैरान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पर्व हमें एक-एक दीप के साथ जुड़कर, सर्वत्र ज्ञान, धर्म, शिक्षा के प्रकाश के प्रसार का संदेश दे रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों व सभी सनातन धर्मावलंबियों के लिए यह प्रकाश पर्व उत्साह, उमंग, सुख और समृद्धि का कारक बने, यही कामना इस अवसर पर करता हूं. यह मेरा सौभाग्य है कि आज अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ अनुसूचित जाति की बस्ती में मुझे दीपावली के मिष्ठान के साथ जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ है.
दलित बस्ती में दीपावली मिलन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कारसेवकपुरम पहुंचे. यहां उन्होंने अयोध्या के संतों के साथ मुलाकात की. मुलाकात में उन्होंने दीपोत्सव आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया व दीपावली की शुभकामनाएं दीं. कारसेवकपुरम में संतों से मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या की पहचान बन गया है, दीपोत्सव से देशवासियों को दुनिया में सम्मान मिलता है. आरएसएस के नेतृत्व और पूज्य संतों के आशीर्वाद से भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान हो गए हैं.
उन्होंने कहा कि अयोध्या के नागरिकों और संतों ने जो कहा, सरकार ने वो कर दिखाया है, अब आप सभी का दायित्व है कि इस सम्मान को बुलंदियों तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि यह समय चैन से सोने का नहीं है, जो सोएगा वो खोएगा. जाति, मत, भाषा, मजहब के नाम पर हमें बटना नहीं है. हम बटेंगे तो कटेंगे. उन्होंने कहा कि बजरंगबली की गदा सदा सनातन विरोधियों पर चलेगा. सनातन और भारत को नुकसान अब नहीं चलेगा. हमारे अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों का डटकर मुकाबला करना होगा. भारत का हित सनातन धर्म के साथ जुड़ा है. हमारी पहचान विज्ञापन नहीं, हमारे सेवा के संकल्प होने चाहिए.
उन्होंने श्रीराम मंदिर के लिए बलिदान देने वाले लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास महाराज से मुलाकात की. मणिराम दास छावनी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका कुशलक्षेम जाना. सीएम ने उनके उत्तम स्वास्थ्य की भी कामना की. इसके अलावा उन्होंने दिगंबर अखाड़ा में सुरेश दास जी महाराज से मुलाकात की. वहीं सीएम बड़ा भक्त माल भी गए, जहां उन्होंने किशोर दास जी महाराज से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. यहां सीएम को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान महंत अवधेश दास व अन्य संत भी मौजूद रहें.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2024 12:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

