Delhi: दिल्ली के एक इंस्टीट्यूट में जलभराव, तीन छात्रों की डूबने से मौत, स्वाति मालीवाल ने पूछा- जिम्मेदार कौन ?
दिल्ली में शनिवार शाम हुई बारिश से राजेंद्र नगर इलाके में स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भर गया. बेसमेंट में पानी भरने से यूपीएससी की तैयारी करने वाले तीन छात्रों की मौत हो गई.
नई दिल्ली, 28 जुलाई : दिल्ली में शनिवार शाम हुई बारिश से राजेंद्र नगर इलाके में स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भर गया. बेसमेंट में पानी भरने से यूपीएससी की तैयारी करने वाले तीन छात्रों की मौत हो गई. मृतकों में दो छात्राएं भी शामिल हैं. तीन कोचिंग स्टूडेंट्स की मौत के बाद अन्य छात्र सड़क पर उतर आए हैं. रविवार को ओल्ड राजेंद्र नगर में छात्रों ने मृतकों को इंसाफ दिलाने के लिए विरोध-प्रदर्शन किया.
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने घटना पर दु:ख जताया. उन्होंने कहा, “राजधानी में तीन छात्रों की बेसमेंट में डूबने से हुई मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? पता चला है कि स्टूडेंट दस दिन से बार-बार ड्रेन साफ करने की डिमांड कर रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.” उन्होंने कहा, “अवैध बेसमेंट बिना भ्रष्टाचार के कैसे चल सकते हैं, एक्स्ट्रा फ्लोर कैसे डल जाते हैं, कैसे हो सकता है कि बिना पैसे खाए सड़क-नालियों के ऊपर कब्जे हो जाते हैं. स्पष्ट है कि कोई सुरक्षा नियम का पालन करने की जरूरत नहीं, पैसा दो और काम हो जाता है. बस हर दिन एसी रूम में बैठक करते रहो. ग्राउंड पर कोई काम करने को तैयार नहीं है. कुछ दिन पहले पटेल नगर में करंट लगने से हुई मौत से भी कुछ नहीं सीखा.” यह भी पढ़ें : BJP मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में कल्याणकारी योजनाओं, चुनाव नतीजों पर चर्चा; योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्वा सरमा ने दिये प्रेजेंटेशन
इस बीच दिल्ली पुलिस ने तीन छात्रों की मौत पर बयान जारी किया है. दिल्ली पुलिस ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा- “यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुई. खोज और बचाव अभियान के खत्म होने के बाद तीन शव बरामद किए गए हैं. उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है. मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.”
इस घटना पर दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने दु:ख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में शाम हुई भारी बारिश के कारण एक दुर्घटना की खबर है. राजेंद्र नगर में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट की बेसमेंट में पानी भरने की खबर है. दिल्ली फायर विभाग और एनडीआरएफ मौके पर है. दिल्ली की मेयर और स्थानीय विधायक भी वहां पर हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 28, 2024 09:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

