एजेंसी न्यूज

Delhi: राजधानी में मौसम का सबसे कम तापमान, वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’

दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अभी तक का सबसे कम तापमान है. न्यूनतम तापमान के इस सप्ताह 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

Delhi: राजधानी में मौसम का सबसे कम तापमान, वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits : PTI)

नयी दिल्ली, 10 नवंबर: दिल्ली में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अभी तक का सबसे कम तापमान है. न्यूनतम तापमान के इस सप्ताह 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

वहीं, तेज हवाएं चलने से प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी आई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अपराहन चार बजे 372 दर्ज किया गया. राजधानी में 27 प्रतिशत वायु प्रदूषण पराली जलाने के कारण है.

एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की पूर्वानुमान एजेंसी ‘सफर’ ने बताया कि अगले दो दिनों में वायु गुणवत्ता बिगड़ेगी और 13 नवंबर को इसमें सुधार आएगा. उसने बताया कि सतह पर चलने वाली शांत हवाओं के कारण स्थिति बिगड़ सकती है जिससे प्रदूषकों का छितराव कमजोर हो जाएगा.

मंगलवार को वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में चली गयी थी और अपराह्न चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 404 था. दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण रविवार को तीन साल के सर्वाधिक स्तर 48 प्रतिशत पर था.

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन), महेश पालावत ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण में पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण एक और सप्ताह सर्वाधित स्तर पर रह सकता है. उन्होंने कहा, ‘‘अगले चार से पांच दिनों में वायु गुणवत्ता में कोई खास सुधार होने की संभावना नहीं है.’’

पिछले साल दिल्ली के वायु प्रदूषण में पांच नवंबर को पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का स्तर 42 प्रतिशत था जबकि 2019 में एक नवंबर को यह 44 प्रतिशत था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 10, 2021 08:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).