दिल्ली: नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर लगातार हो रहे हादसों पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने जताई चिंता, कहा- सावधानी बरतें
राजधानी के नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर शनिवार सुबह एक और हादसा हो गया है, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई. सुबह करीब 8.20 बजे पुलिस को सिग्नेचर ब्रिज पर हुए इस हादसे की जानकारी मिली.
दिल्ली: राजधानी के नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर शनिवार सुबह एक और हादसा हो गया है, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई. सुबह करीब 8.20 बजे पुलिस को सिग्नेचर ब्रिज पर हुए इस हादसे की जानकारी मिली. जानकारी के मुताबिक दो बाइक सवार नांगलोई की तरफ से आ रहे थे कि तभी उनकी बाइक का एक्सिडेंट हो गया. दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां एक कीमौत हो गई. वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है. जिसे व्यक्ति की इस हादसे में मौत हुई है उसका नाम शंकर है, जबकि उसका कजिन भाई दीपक (घायल व्यक्ति) उसके पीछे बैठा था.
मिली जानकारी के अनुसार बाइक स्किड होने की वजह से यह हादसा हुआ. जिस समय यह हादसा हुआ दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था लेकिन हादसे के बाद शंकर का हेलमेट उतरकर गिर गया और उसका सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिसके चलते उसे गंभीर चोट आई और बाद में मौत हो गई.
सीएम केजरीवाल ने जताई चिंता
नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर लगातार हो रहे हादसों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चिंता जताते हुए ट्वीट किया है. सीएम केजरीवाल ने लिखा कि 'सिग्नेचर ब्रिज दिल्ली की शान है और यहां हो रहे हादसों से मैं चिंतित हूं. साथ ही उन्होंने लोगों से यह अपील की है कि वो सेल्फी लेते वक्त सावधानी बरतें और यहां तेज गति से वाहन ना चलाएं. आपकी जिंदगी देश और आपके परिवार के लिए बेहद कीमती है.'
सिग्नेचर ब्रिज पर हो रहे हादसों से मैं बेहद चिंतित हूँ।सिग्नेचर ब्रिज दिल्ली की शान है। मेरी सभी लोगों से अपील है, ख़ासकर युवाओं से, कि सिग्नेचर ब्रिज पर सेल्फ़ी लेते वक़्त सावधानी बरतें, और तेज़ गति से वाहन ना चलायें। आपकी ज़िन्दगी देश के लिए और आपके परिवार के लिए बेहद क़ीमती है
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) November 24, 2018
बता दें कि सिग्नेचर ब्रिज पर इन दिनों कई हादसे हो चुके हैं. शुक्रवार को भी इस ब्रिज पर दो बाइक सवार युवकों की सेल्फी लेते समय पुल से गिरकर मौत हो गई. जिसके बाद दोनों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. हालांकि, कुछ चश्मदीदों का कहना है कि ये हादसा सेल्फी लेने की वजह से नहीं बल्कि तेज रफ्तार के कारण हुआ है. यह भी पढ़ें- दिल्ली सिग्नेचर ब्रिज: किन्नर हुए NUDE, पुलिस ने की ये बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस पुल का उद्घाटन किया था. सिग्नेचर ब्रिज चार नवंबर को आम लोगों के लिए खोला गया था. इसके उद्धाटन के बाद से ही यह सुर्खियों में रहा है. यह लोगों के लिए एक सेल्फी प्वाइंट बन गया है. लोग खतरनाक ढ़ंग से ब्रिज की रेलिंग पर चढ़कर सेल्फी ले रहे हैं. कुछ दिन पहले सिग्नेचर ब्रिज पर कुछ किन्नरों ने खुलेआम जमकर अश्लीलता की और अपने कपड़े उतारकर डांस किया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 24, 2018 01:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

