Delhi Rains: भारी बारिश से IGI एयरपोर्ट पर जलभराव, पानी में चलकर टर्मिनल पहुंचे यात्री; देखें Video
IMD के अनुसार दोपहर और शाम के दौरान दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. अगले कुछ घंटों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं,
Delhi Rains: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. इसका असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर भी देखने को मिला, जहां आगमन (Arrival) गेट के बाहर पानी भर जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री पैंट मोड़कर और सामान की ट्रॉली धकेलते हुए पानी से होकर एयरपोर्ट के गेट तक पहुंचते नजर आए.
यात्रियों ने बयां किया हाल
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में यात्री मानसी ने कहा, "मैंने पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी. यहां काफी पानी भर गया है. मैं करीब आधे घंटे से खड़ी हूं और पानी कम होने का इंतजार कर रही हूं ताकि आगमन गेट तक पहुंच सकूं."
एक अन्य यात्री हिमांशी ने भी कहा कि वह करीब आधे घंटे से पानी कम होने का इंतजार कर रही हैं. वहीं तीसरे यात्री ने बताया कि दो साल पहले भी ऐसी स्थिति देखने को मिली थी और इस बार बारिश ज्यादा तेज होने के कारण जलभराव और बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के चलते पूजा-पाठ की वजह से भी लोगों की आवाजाही अधिक है.
Heavy Waterlogging at IGI Airport
#WATCH | Delhi: Waterlogging witnessed at Indira Gandhi International Airport after heavy rainfall lashed the national capital. pic.twitter.com/vejJpM2W2l
— ANI (@ANI) September 4, 2026
दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव
भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई निचले इलाकों और सड़कों पर भी जलभराव की खबरें सामने आई हैं. इससे ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि निचले इलाकों और अंडरपास में जलभराव हो सकता है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है. लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने और आंधी-तूफान के दौरान बिजली के खंभों व खुले तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
IMD के अनुसार दोपहर और शाम के दौरान दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. अगले कुछ घंटों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ इलाकों में 50 से 100 मिमी तक भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2026 07:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

