देश

Amit Shah Fake Video: अमित शाह के एडिटेड वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस सख्त, तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को भेजा नोटिस

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाए गये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कथित फर्जी वीडियो के सिलसिले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को एक मई को जांच में शामिल होने को कहा है.

Amit Shah Fake Video: अमित शाह के एडिटेड वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस सख्त, तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को भेजा नोटिस
Revanth Reddy | Facebook

नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह के फेक वीडियो को शेयर करने को लेकर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. इस मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी (Revanth Reddy) को दिल्ली पुलिस ने नोटिस जारी किया है. दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाए गये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के कथित फर्जी वीडियो के सिलसिले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को एक मई को जांच में शामिल होने को कहा है. आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने रेड्डी समेत पांच लोगों को नोटिस भेजा है. रेड्डी ने उक्त वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था.

सूत्रों ने बताया कि रेड्डी को पूछताछ के दौरान अपना मोबाइल फोन साथ में लाने को कहा गया है जिसका इस्तेमाल कथित रूप से फर्जी वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करने में किया गया था. रेड्डी, कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष भी हैं. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने सोशल मीडिया मंचों पर शाह का फर्जी वीडियो फैलाए जाने के सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद रविवार को मामला दर्ज किया था. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

कथित फर्जी वीडियो में, तेलंगाना में धार्मिक आधार पर मुसलमानों के लिए आरक्षण समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताने का संकेत देने संबंधी शाह के बयान को तोड़-मरोड़कर इस तरह दिखाया गया है जैसे कि वह हर तरह का आरक्षण समाप्त करने की वकालत कर रहे हों.

उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के अनेक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के सूत्रों ने बताया कि देशभर में इस मामले में गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2024 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).