Delhi: तीन करोड़ रुपये के द्वारका डकैती मामले में एक और गिरफ्तारी
दिल्ली के द्वारका के सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. एक गिरोह के सदस्यों ने खुद को ईडी अधिकारी बताकर एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे तीन करोड़ रुपये लूट लिए थे.
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर : दिल्ली के द्वारका के सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. एक गिरोह के सदस्यों ने खुद को ईडी अधिकारी बताकर एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे तीन करोड़ रुपये लूट लिए थे. पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है. आरोपी की पहचान रोहिणी एक्सटेंशन इलाके के रहने वाले अजय ग्रोवर (41) के रूप में हुई है. उसके कब्जे से 19.05 लाख रुपये भी बरामद हुये हैं.
इससे पहले पुलिस ने हरियाणा के गोहाना निवासी अमित उर्फ जॉली, रोहित उर्फ अश्विन और दिल्ली के बवाना निवासी मनीष को दिल्ली में गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, गोपाल नगर में रहने वाले शिकायतकर्ता रवि ने बताया था कि 13 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के पास मुख्य सड़क पर खड़ा था, तभी एक सफेद कार अचानक रुकी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "तीन अज्ञात व्यक्ति कार से निकले और प्रवर्तन निदेशालय से होने का दावा करते हुए रवि को जबरन वाहन में ले गए." यह भी पढ़ें :Karnataka Road Accident: कर्नाटक में तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचलकर मार डाला
दो अन्य व्यक्ति दूसरी कार में पहुंचे और रवि पर पिस्तौल तान दी और धमकी देते हुए मांग की कि वह अपनी संपत्ति की बिक्री से प्राप्त पैसे उन्हें सौंप दे. अधिकारी ने कहा, ''उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा अवैध गतिविधियों से जुड़ा है.'' इसके बाद, वे रवि को उसके आवास पर वापस ले आए और 3 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी नकदी और रवि और उसकी मां के मोबाइल फोन ले गए. अधिकारी ने कहा, "इसके बाद उन्होंने रवि को मुख्य सड़क पर भारत पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया और घटनास्थल से भाग गए."
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 18, 2023 11:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

