देश

COVID-19: देश में लगातार बढ़ रहा कोरोना का कहर, 63 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज, 312 की हुई मौत

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस (Coronavirus) बुरी तरह पैर पसार रहा है. पिछले 24 घंटों में देश में 62,714 नए मामले दर्ज हुए हैं. इससे पहले पिछली साल 16 अक्टूबर को इतनी बड़ी संख्या में मामले दर्ज हुए थे.

COVID-19: देश में लगातार बढ़ रहा कोरोना का कहर, 63 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज, 312 की हुई मौत
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits ANI)

नई दिल्ली, 28 मार्च : देश में एक बार फिर कोरोना वायरस (Coronavirus) बुरी तरह पैर पसार रहा है. पिछले 24 घंटों में देश में 62,714 नए मामले दर्ज हुए हैं. इससे पहले पिछली साल 16 अक्टूबर को इतनी बड़ी संख्या में मामले दर्ज हुए थे. केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालय (Union Ministry of Health) की रविवार की रिपोर्ट के अनुसार अब देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1,19,71,624 हो गई है. इससे पहले शनिवार को देश में 62,258 नए मामले दर्ज हुए थे. 16 मार्च को 24,492 मामले दर्ज होने के बाद से ही देश में नए मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं. महज 8 दिन बाद 24 मार्च को ही नए मामलों की संख्या बढ़कर 47,262 हो गए थे. कुछ राज्यों में तो मामलों की संख्या में बहुत बढ़ गई है. यह भी पढ़े:  COVID-19 के बढ़ते मामलों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार का फैसला, 12 शहरों में हर रविवार लॉकडाउन की घोषणा

 मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में सबसे ज्यादा प्रकोप महाराष्ट्र झेल रहा है. वहीं पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश आदि में भी दैनिक मामले बढ़ रहे हैं.

वहीं बीते 24 घंटों के दौरान वायरस ने 312 लोगों की जान भी ली है. दैनिक मौतों के आंकड़ों में भी चिंताजनक वृद्धि हो रही है. अब तक देश में 1,61,552 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा सक्रिय मामलों की संख्या भी बढ़कर 4,86,310 हो गई है. इसी अवधि में 28,739 लोगों के ठीक होने के बाद बीमारी से उबरे कुल लोगों की संख्या 1,13,23,762 हो गई है.

इस बीच शनिवार को 11,64,915 नमूनों के परीक्षणों के साथ कुल परीक्षणों की संख्या 29,09,50,842 हो गई है.

बता दें कि 16 जनवरी को सामूहिक टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद अब 6,02,69,782 कोरोना वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं. साथ ही सरकार ने घोषणा कर दी है कि 1 अप्रैल से 45 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण किया जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2021 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).